- हरियाणा CMO में विभागों का पुनर्गठन, राजेश खुल्लर के पास अब 16 विभाग रहेंगे।
- राज नेहरू की OSD के तौर पर नियुक्ति, युवा एवं उच्च शिक्षा से जुड़े विभागों की जिम्मेदारी।
- IAS अरुण कुमार, साकेत कुमार, यशपाल और HCS अधिकारियों को भी मिला विभागीय दायित्व।
हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व वाली सरकार ने सोमवार को CMO में विभागों का पुनर्गठन कर दिया, जिससे प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव मुख्यमंत्री के चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजेश खुल्लर के कार्यभार में किया गया, जिनके पास पहले 21 विभाग थे, अब केवल 16 विभाग रहेंगे। खुल्लर को अब भी मुख्यमंत्री कार्यालय के ओवरऑल इंचार्ज की भूमिका में बरकरार रखा गया है।
इस बीच राज नेहरू की मुख्यमंत्री के OSD (Officer on Special Duty) के तौर पर एंट्री हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री खट्टर के समय से जुड़े रहे राज नेहरू को अब फ्यूचर डिपार्टमेंट, हायर एजुकेशन, यूथ इम्पावरमेंट और आंत्रप्रन्योरशिप जैसे महकमे सौंपे गए हैं। इससे साफ है कि युवाओं से जुड़ी नीतियों पर विशेष ध्यान देने की रणनीति अपनाई जा रही है।
वहीं दूसरी ओर IAS अरुण कुमार गुप्ता को सिविल एविएशन सहित 11 विभाग सौंपे गए हैं, जिनमें फूड सप्लाई, ट्रांसपोर्ट, सोशल जस्टिस जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं। IAS साकेत कुमार को 9 विभाग, जिनमें कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और पंचायती चुनाव जैसे विभाग शामिल हैं।
IAS यशपाल को 8 विभाग मिले हैं, जिनमें स्कूल एजुकेशन, खेल, पुरातत्व, टूरिज्म आदि हैं। इसके अतिरिक्त HCS अधिकारी विवेक कालिया अब सीएम विंडो और जनसंवाद, सुधांशु गौतम 6 विभाग और राकेश संधु 2 विभाग देखेंगे।
यह फेरबदल राज्य में प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए किया गया है, ताकि अधिकारियों की विशेषज्ञता के अनुसार उन्हें उपयुक्त विभाग सौंपे जा सकें।