Haryana के कैबिनेट मंत्री Anil Vij ने सोमवार (20 जनवरी) को अंबाला छावनी में होने वाले अपने नियमित जनता दरबार को रद्द कर दिया है। अनिल विज एक दिवसीय दौरे पर राजस्थान जा रहे हैं, जहां वह जयपुर में आयोजित देशभर के ऊर्जा मंत्रियों की कार्यशाला में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में उनकी व्यस्तता के कारण सोमवार को जनता कैंप नहीं लगेगा।
अंबाला छावनी में समस्याएं सुनने का कार्य जारी:
कैबिनेट मंत्री अनिल विज हर सप्ताह सोमवार को अंबाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनने के लिए जनता दरबार आयोजित करते हैं। हालांकि, अब वे केवल अंबाला कैंट क्षेत्र के लोगों की समस्याएं ही सुनते हैं और दूसरे जिलों के लोगों से मिलने से मना कर चुके हैं।
अनिल विज ने बाहर से आने वाले लोगों की समस्याओं को किया खारिज:
कुछ समय पहले अनिल विज का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने कुरुक्षेत्र के शाहाबाद से आए एक व्यक्ति की समस्या सुनने से मना कर दिया था। उन्होंने कहा था कि वह अब केवल अपने क्षेत्र की समस्याएं सुनते हैं और बाहर के जिलों के लोगों को मुख्यमंत्री के पास जाकर अपनी समस्याएं रखने की सलाह दी थी।
हरियाणा में भाजपा के सीएम चेहरे में बदलाव के बाद अनिल विज नाराज हो गए थे। जब पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने मनोहर लाल खट्टर की जगह नायब सैनी को सीएम चेहरा घोषित किया, तो विज ने इसका विरोध किया। इसके बाद, उन्होंने केंद्रीय पर्यवेक्षकों की बैठक का बहिष्कार कर दिया और बैठक से बाहर चले गए।
अनिल विज इस समय हरियाणा भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेता हैं और लगातार 7 बार विधायक बन चुके हैं। सीएम चेहरे में बदलाव को लेकर उनका कहना था कि उन्हें इस निर्णय के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा, “इतना समय पार्टी में बिताने के बाद भी मुझसे इस बदलाव की जानकारी छिपाई गई।”