क्रेडिट कार्ड्स की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 8 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद

जिले में पुलिस ने क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने ठगी के मामले में कोटक बैंक के असिस्टेंट मैनेजर और आरबीएल बैंक के कर्मचारी सहित गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 2 डेबिट कार्ड, 5 मोबाइल फोन, 4 फर्जी सिम कार्ड और 44000 रुपए नकद बरामद हुए।

दिल्ली में रह रहा था गिरोह

साइबर थाना एनआईटी प्रभारी नवीन कुमार और उनकी टीम ने क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपक, तुषार उर्फ गोल्डी, अक्षय, विनय उर्फ जॉनी, रूपक, मनीष, कुनाल तथा रवीश का नाम शामिल है। आरोपी रविश नोएडा और बाकी सभी आरोपी दिल्ली में रह रहे थे।

Whatsapp Channel Join

लोगों में जागरुकता की कमी

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आज के आधुनिक युग में ज्यादातर लोग क्रेडिट कार्ड का उपयोग करते हैं। लेकिन जागरूकता ना होने के कारण वह साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं। साइबर अपराधी क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर लोगों को फोन करते हैं और उनसे पूछते हैं कि क्या वह कोई क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल कर रहे हैं।

सामने से व्यक्ति बताता है कि वह किसी बैंक का क्रेडिट कार्ड पहले से उपयोग कर रहा है। इसके पश्चात साइबर अपराधी उसे आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का क्रेडिट कार्ड बिना कोई शुल्क या फीस के बनवाने और उस पर लाखों रुपए की लिमिट देने की बात करते हैं।

बहला-फुसलाकर करते हैं ठगी

साइबर अपराधियों की लुभावनी बातों को सुनकर व्यक्ति उनके झांसे में आ जाता है और वह क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए तैयार हो जाता है। यहां से साइबर ठगों का खेल शुरू होता है। साइबर अपराधी उस व्यक्ति को एक ऐप  भेजते हैं और उस ऐप को खोलने पर उसके ऊपर आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का लोगो दिखाई देता है। जिससे उस व्यक्ति को विश्वास हो जाता है कि यह असली बैंक की ऐप है जबकि वह ऐप फर्जी होती है।

साइबर अपराधियों ने फरीदाबाद के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ इसी प्रकार झांसा देकर 53040 रुपए की धोखाधड़ी की थी जिसकी शिकायत थाने में देने के पश्चात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की गई।