हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी पर पिछले चुनाव के मध्यनजर चुटकी लेते हुए जमकर टिप्पणियां की। दीपेंद्र हुड्डा ने दोनों पार्टियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वर्ष 2019 से पहले भाजपा ने 75 पार का नारा दिया और उनसे त्रस्त जनता ने उनकी सुई 40 पर रोक दी। साथ ही एक और पार्टी वाले आए, वो बोलें अबकी बार भाजपा यमुना पार। चुनाव के बाद दोनों पक्के यार बन गए। दोनों ने मलिकर चंडीगढ़ में भ्रष्ट सरकार बना दी।
दीपेंद्र हुड्डा रविवार को फतेहाबाद के गांव भोड़िया खेड़ा में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। वहीं कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा जनसभा में काफी देरी से पहुंचे। उनके आने से पहले बारिश ने भी जनसभा में काफी खलल डाला। जनसभा में पहुंचे श्रोता और कार्यकर्ता जिन कुर्सियों पर बैठे थे, बारिश के बाद उन्हीं कुर्सियों को सिर पर उठाकर अपने आप को भीगने से बचाते नजर आए। वहीं मंच पर मौजूद नेतागण भी टेंट की चादर को खींचकर उसकी ओट में बारिश से बचते दिखाई दिए। हालांकि दीपेंद्र हुड्डा के जनसभा में पहुंचते ही लोग वापस कुर्सियों पर जुट गए।
भाजपा-जजपा से लड़ाई में लोगों ने दिया आर्शीवाद
दीपेंद्र हुड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बताया कि आज दो-तीन बार तेज बारिश हुई। मौसम के कारण वह जनसभा में देरी से पहुंचे। उन्होंने कहा कि पहले तो उन्हें लगा कि जनसभा रद्द हो जाएगी, लेकिन लोगों और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाकर उनका हौसला बढ़ा दिया। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के भविष्य को बचाने के लिए वह भाजपा और जजपा से जो लड़ाई लड़ रहे हैं, उस लड़ाई में आज लोगों ने अपना आशीर्वाद दिया है।
कांग्रेस के कार्यक्रमों से डरकर मुख्यमंत्री जनसंवाद करने निकले
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य में दो-दो सरकारें हैं। सत्ताबल, धनबल भी इनके साथ हैं। साम-दाम दंड भेद की राजनीति हो रही है। इनसे लड़ने के लिए जनता का हौसला आशीर्वाद के रूप में मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रमों में लाखों लोग जुड़ रहे हैं, जिसे देखकर वह कह सकते हैं कि अब वह विपक्ष नहीं विकल्प हैं। कांग्रेस के कार्यक्रमों से डरे मुख्यमंत्री अब जनसंवाद करने निकले तो वह जन अपमान करने पर आ गए। जनता का अपमान वही कर सकता है, जिन्हें घमंड हो। इस घमंड को चकनाचूर करना है।
आज हरियाणा महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी में है नंबर वन
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले जो हरियाणा विकास, रोजगार में नंबर एक था, वह अब महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी में नंबर एक है। विकास में अब हरियाणा 17वें पायदान पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा ने अच्छे दिन और महंगाई दूर करने का नारा दिया था तो लोगों ने बदलाव कर दिया, लेकिन साढ़े 9 साल बाद लोग इनसे बहुत ज्यादा परेशान हो चुके हैं। प्रदेश में सरकारी नौकरियां खत्म कर दी गई। कुछ पद बचे तो पेपर लीक हो गए।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कर्मचारी, मजदूर, किसान, आशा वर्कर, ग्रामीण और सफाई कर्मी हर कोई धरनारत है। यहां तक कि सरपंचों को भी लाठियां खानी पड़ी। पहली बार छात्रों को स्कूलों के बाहर धरना देना पड़ा। यहां तक कि देश का गौरव कहलाने वाले खिलाड़ियों की भी सरकार ने दुर्गति कर दी, जबकि कांग्रेस की सरकार में कोई धरना नहीं था। भाईचारे को खरोंच तक नहीं आई थी। गोलियां चलानी तो दूर लाठी तक किसी को नहीं पड़ी।
दादा गौतम ही बता देते हैं, खोपर अकेला सब कुछ खा गया
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने जजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा-जजपा ने महकमे बांट लिए तो बहुत से महकमे जजपा ने अपने पास रख लिए। नारनौंद में जजपा के विधायक दादा गौतम ही बता देते हैं कि खोपर अकेला सब कुछ खा गया। उन्होंने कहा कि अब समय बदल रहा है। जनता फिर कांग्रेस के साथ है। जनता ने बदलाव का मन बना लिया है, जल्द ही हरियाणा में फिर से कांग्रेस का परचम लहराएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद जनता के लिए भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों को खत्म करने का काम किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल, नरेश सेलवाल, रामनिवास घोड़ेला, पूर्व जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह, डॉ. वीरेंद्र सिवाच, प्रो. रामभगत शर्मा, सरपंच एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष बेनीवाल सहित कई नेता मौजूद रहे।