Gurugram में वाटिका चौक के पास हाईवे(Highway) पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने एक महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृत महिला की पहचान नगर निगम की सफाई कर्मचारी सरोज के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद कार का ड्राइवर कार को वहीं छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में ले लिया। हादसे की जानकारी मृतका के परिवार को दी गई है। पुलिस ने आसपास के इलाके में नाकाबंदी कर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद नगर निगम के सफाई कर्मचारी गुस्से में आ गए और उन्होंने हाईवे पर जाम लगा दिया। सफाई कर्मचारी अपने हाथों में झाड़ू लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

इस विरोध के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सफाई कर्मचारियों को समझाने की कोशिश की। अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद कर्मचारियों को सड़क से हटाने में सफलता पाई। पुलिस ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर गौर किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।

डयूटी हाईवे से हटाकर करें ट्रांसफर
सफाई कर्मचारियों का कहना था कि उनसे हाईवे पर सफाई करवाई जा रही है, जो कि खतरनाक है। उन्होंने मांग की कि उनकी ड्यूटी को हाईवे से हटाकर सुरक्षित जगह पर ट्रांसफर किया जाए। कर्मचारियों ने कहा कि हाईवे पर सफाई करने में दुर्घटना का खतरा हमेशा बना रहता है, और उन्होंने प्रशासन से उचित सुरक्षा उपायों की मांग की।