City Tehlka

चार दिन तक हरियाणा भीगेगा बारिश में, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

हरियाणा


हरियाणा में 4 से 7 मई तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी
60 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, तापमान में गिरावट
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर समेत कई जिलों में यलो अलर्ट, 7 मई तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील


Haryana weather alert,हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है और मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों के लिए वर्षा व आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। रविवार 4 मई से मंगलवार 6 मई तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में मध्यम से भारी बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन तीनों दिन के लिए यलो अलर्ट और कुछ जिलों के लिए ग्रीन जोन निर्धारित किया है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल जैसे जिलों में 4 मई को सबसे अधिक असर दिख सकता है, वहीं 5 मई को पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना जताई गई है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में 7 मई तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा, जिसमें उत्तर-पूर्वी हवाएं चलेंगी और बीच-बीच में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। इन बदलावों की मुख्य वजह दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ हैं, जिनका आंशिक प्रभाव हरियाणा पर पड़ेगा। 6 मई को सिरसा, फतेहाबाद, जींद और हिसार में बारिश की संभावना 25% के करीब है, जबकि बाकी जिलों में यह 25-50% के बीच मानी जा रही है। 7 मई को केवल 6 जिलों में बारिश की संभावना है, बाकी प्रदेश शुष्क रह सकता है।

Whatsapp Channel Join

शुक्रवार और शनिवार को कई जिलों में बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई जिससे तापमान में भी गिरावट आई है। शुक्रवार को प्रदेश का तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। हालांकि शनिवार को तापमान में 5.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, फिर भी यह औसत से कम बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान हिसार के बालसमंद क्षेत्र में रहा, जहां 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में बालसमंद इलाके का तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस बढ़ा, जिससे गर्मी के तेवरों में हल्की तेजी जरूर आई है, लेकिन बारिश के चलते राहत बनी हुई है।