City Tehlka

हरियाणा में बढ़ी गर्मी, 13 जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट

हरियाणा

हरियाणा में मौसम शुष्क, 13 जिलों में हीट वेव का अलर्ट
तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि, 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा
मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया, राजस्थान से सटे जिलों में असर अधिक


HaryanaHeatWave: हरियाणा में मौसम का हाल इन दिनों शुष्क बना हुआ है और राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटों में औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई, जो अब सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस ऊपर है। राज्य में सर्वाधिक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रोहतक में दर्ज किया गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान सिरसा में 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे कम था।

मौसम विभाग के अनुसार, आज 13 जिलों में हीट वेव का असर देखने को मिलेगा और इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के राजस्थान से सटे जिलों में इस गर्मी का असर अधिक देखने को मिलेगा, जहां तापमान और भी बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 22, 23, 24 और 25 अप्रैल तक राज्य में शुष्क मौसम की स्थिति बनी रहेगी, और कुछ स्थानों पर लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

Whatsapp Channel Join

राज्य के जिन जिलों में हीट वेव का असर होने की संभावना है, उनमें सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूह, झज्जर, रोहतक, पलवल और फरीदाबाद शामिल हैं। हालांकि, उत्तर हरियाणा के जिलों में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बुधवार से हीट वेव का दायरा और बढ़ सकता है, और 25 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर रहेगा।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश भर के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सबसे ज्यादा गिरावट नारनौल के तापमान में हुई, जो 3.5 डिग्री गिरकर 36.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, करनाल में तापमान 3.2 डिग्री बढ़कर 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।