बहादुरगढ़ के नया गांव में आपसी झगड़े में अपने चाचा को छुड़वाने गए सरपंच के पति पर दूसरे पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी। निशाना चूकने की वजह से सरपंच के पति बाल-बाल बच गए। वे भाजपा की ओर से सरपंचों के हरियाणा विकासशील संगठन के जिला प्रधान भी हैं।
सरपंच के पति की शिकायत थाना सदर की एचएल सिटी चौकी पुलिस ने इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
क्या है सारा मामला
नया गांव निवासी प्रमोद गांव की सरपंच के पति हैं और भाजपा की ओर से सरपंचों के संगठन हरियाणा विकासशील के जिला प्रधान हैं। प्रमोद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे उसके चाचा सुभाष के साथ किसी बात को लेकर लक्ष्मण, नवीन व कृष्णा पत्नी जोगेंद्र झगड़ा कर रहे थे। झगड़े की आवाज सुनकर वह भी मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव किया। इसी दौरान नवीन ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से प्रमोद की तरफ फायर कर दिया। निशाना चूकने की वजह से प्रमोद व उसका चाचा बाल-बाल बच गए।
फायरिंग करने के बाद फरार हो गया आरोपी
फायर करने के बाद नवीन तो मौके से फरार हो गया। आरोप है कि भागते समय नवीन ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा लक्ष्मण मौके पर ही रह गया। उसके सिर में चोट लगी थी। उसने भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने प्रमोद की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।