Karnal में कांग्रेस से मेयर पद के प्रत्याशी मनोज वधवा ने भाजपा पर कड़ा हमला करते हुए कई गंभीर सवाल उठाए। वधवा ने कहा कि भाजपा को अब 4 साल पुराने मुकदमे की याद क्यों आई? उन्होंने भाजपा की ओर से विकास कंबोज की गिरफ्तारी को राजनीतिक चाल करार देते हुए कहा कि यह भाजपा की बौखलाहट को दर्शाता है। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद कंबोज को जमानत मिल गई, जिससे यह साफ हो गया कि यह केवल राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश थी।
भ्रष्टाचार और गाय के नाम पर घोटाले पर हमला
वधवा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार गाय के नाम पर भी घोटाला करने से नहीं चूकी। उन्होंने आरोप लगाया कि चारे से लेकर गोबर तक में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। वधवा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि इस बार चुनाव में सोच-समझकर वोट करें, ताकि करनाल को असल मायनों में विकास की दिशा मिल सके।
भ्रष्टाचार का मुद्दा, जनता अब जाग चुकी है
वधवा ने कहा कि करनाल की जनता अब समझ चुकी है कि उन्हें किस तरह का अन्याय सहना पड़ा। उन्होंने अपने समय (2013-2018) में किए गए स्वच्छता और विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने करनाल को ईमानदारी से संजोने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में करनाल में जो भ्रष्टाचार हो रहा है, वह केवल सरकारी धन का ही नहीं बल्कि करदाताओं की गाढ़ी कमाई का भी है।
1600 करोड़ का कोई हिसाब नहीं
वधवा ने भाजपा के विकास के दावों पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा पिछले दस सालों से कह रही है कि वह करनाल को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई विकास नहीं हुआ। उन्होंने 1600 करोड़ रुपये के विकास फंड पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका कोई स्पष्ट हिसाब नहीं है और अधिकांश प्रोजेक्ट अधूरे पड़े हैं।
चुनाव में भाजपा के लिए अफसोसजनक परिणाम
मनोज वधवा ने कहा कि करनाल की जनता 12 तारीख को होने वाले चुनाव में भाजपा को एक बड़ा सबक सिखाएगी।