करनाल के इंद्री थाना क्षेत्र से एक किशोर और एक किशोरी के नहर में कूदने की आशंका आखिरकार सच साबित हुई। अब नाबालिग प्रेमी जोड़े की मौत के मामले को ओनर किलिंग से जोड़ा जा रहा है। किशोर पक्ष का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या कर शव नहर में फैंका गया है। परिजनों ने मामले में उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।
इतना ही नहीं, गुस्साएं परिजनों ने अस्पताल के बाहर न्याय की मांग को लेकर खूब हंगामा भी किया। साथ ही एक बार शव लेने से इंकार भी कर दिया था। इसके बाद पुलिस की ओर से कड़ी कार्रवाई किए जाने के आश्वासन के बाद परिजनों ने शव लेने पर हामी भरी। वहीं पुलिस ने नाबालिग प्रेमी जोड़े के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उनके परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने परिजनों को हर तरह से मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। वहीं परिजनों की ओर से मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
प्रेमी जोड़े के शव गोताखोरों ने शुक्रवार को पश्चिमी यमुना नहर से बरामद किए हैं। पहले किशोर का शव बरामद किया गया था। इसके बाद देर शाम किशोरी का शव नहर में मिला। वहीं किशोर के परिजनों ने बेटे की हत्या करने की आशंका जताते हुए हंगामा भी किया। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन देकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में कुछ खुलासा होने की बात कहीं है।
इस दौरान परिजनों ने शव पर मिले चोटों के निशान देखकर हत्या के आरोप लगाए थे। साथ ही पुलिस से हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी सुभाष मौके पर पहुंचे और परिजनों को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत करवाया। जानकारी अनुसार कक्षा 12वीं में पढ़ने वाला किशोर गत बुधवार की रात को करीब आठ बजे अपने घर से बिना बताए चला गया था। इसके बाद किशोर की बाइक और मोबाइल धनौरा के पास पश्चिमी यमुना नहर पर मिले थे। इसके अलावा मौके से उसकी सहपाठी किशोरी का फोन भी पुलिस ने बरामद किया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही थी कि दोनों सहपाठियों ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए दोनों की तलाश शुरू कर दी थी।
शुक्रवार सुबह बरामद हुआ था किशोर का शव
पुलिस को जांच के दौरान शुक्रवार सुबह किशोर का शव मिला था। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए थे। किशोर के परिजनों ने मृतक किशोर के शव पर चोट के निशान देखकर किशोरी के परिजनों पर उसकी हत्या का आरोप लगाया और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला था।
हत्या कर नहर में शव फेंकने का लगाया आरोप
मृतक किशोर के परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनका लड़का और किशोरी दोनों एक ही कक्षा में पढ़ते थे। दोनों की आपस में दोस्ती थी और दोनों एक ही साथ लापता हुए थे। उन्होंने किशोरी के परिजनों पर उनके बेटे की हत्या करने और शव को नहर में फेंकने का आरोप लगाया है।
किशोर के पिता के पास आया फोन, नहर पर बाइक खड़ी होने की दी सूचना
किशोर के पिता का कहना है कि बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे उनके पास किसी का फोन आया था कि उनकी बाइक नहर के पास खड़ी है। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें किशोरी के परिजन पहले से ही मौजूद मिले। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी भी रात आठ बजे के बाद बिना बताए घर से गायब है। इस दौरान बाइक से दो मोबाइल बरामद हुए, जिनमें से एक फोन छात्रा का था। इसके बाद दोनों किशोर-किशोरी की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज करवाया गया।
किशोरी का भी नहर से बरामद हुआ शव
वहीं देर शाम नहर में किशोरी का शव भी बरामद होने की सूचना सामने आई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस डीएसपी सुभाष चंद्र के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। इस दौरान डीएसपी सुभाषचंद्र ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम के साथ सबूत जुटाए ओ माध्यम से साक्ष्य जुटाए। साथ ही परिजनों को जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।