नारनौल के गांव मोहनपुर में एक 65 वर्षीय व्यक्ति को पेट्रोल डालकर जलाने का मामला सामने आया है। जिसमें पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर पुलिस में दी गई शिकायत में मोहनपुर निवासी 65 वर्षीय हुकुमचंद ने बताया कि वह रात को करीब 11 बजे अपने खेतों की रखवाली करने के लिए जा रहा था। इस दौरान गांव का ही प्रीतम नामक युवक बाइक पर सवार होकर उसके पास आया। आते ही प्रीतम ने उसके साथ मारपिटाई शुरू कर दी। प्रीतम ने जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिसके बाद वह वहां से भाग गया। वहीं जब व्यक्ति ने शोर मचाया तो गांव का सरपंच केवल सिंह वह अन्य लोगों ने आकर उस पर लगी आग को बुझाया। वहीं उसके बड़े भाई राजकरण को सूचित किया।
जानकारी पाकर मौके पर पहुंची डायल 112
मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जानकारी पाकर मौके पर डायल 112 गाड़ी और एम्बुलेंस पहुंची। जिसके बाद एम्बुलेंस से उसको सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर ज्यादा जलने की वजह से उसको पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है।

