- 16-19 मई तक हरियाणा में बारिश के आसार, लेकिन अधिकांश दिन मौसम रहेगा शुष्क; केवल कुछ जिलों में ही बारिश की 25% संभावना।
- फरीदाबाद का बोपानी एरिया सबसे गर्म, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया; गर्मी का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।
- 19 मई को मौसम बदलेगा, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (50-60 किमी/घंटा) चलने की संभावना; 6 जिलों में बारिश की उम्मीद।
Haryana Weather: हरियाणा में गर्मी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 से 19 मई तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है, लेकिन इस अवधि में अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क ही रहने की संभावना जताई गई है।
16 मई को केवल जींद और कैथल जिलों में 25 फीसदी बारिश की संभावना है। वहीं 17 मई को सोनीपत, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और मेवात जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। 18 मई को पूरे राज्य में मौसम साफ रहने के आसार हैं, जबकि 19 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल जिलों में बादल छा सकते हैं और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इस बीच, फरीदाबाद का बोपानी इलाका प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में गुरुवार को औसतन 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है और सामान्य तापमान से 2.6 डिग्री अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया।
भिवानी में पिछले 24 घंटों में 2.4 डिग्री सेल्सियस की सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई और वहां का तापमान 42.7 डिग्री तक पहुंच गया है। इस प्रकार हरियाणा के अधिकांश जिलों में गर्मी की तीव्रता लगातार बढ़ रही है और बारिश की सीमित संभावना ही राहत दे सकती है।