देशभर में आज विजय दशमी का त्योहार मनाया जा रहा है। हरियाणा के पानीपत में भी इस बार मनने वाला यह त्योहार काफी खास होगा। शहर में मंगलवार को 5 प्रमुख जगह पर एक साथ शाम 5 बजकर 41 मिनट पर रावण का दहन होगा। खास बात यह भी है कि इस बार श्रीराम दशहरा कमेटी बरसत रोड द्वारा सेक्टर 13-17 ग्राउंड में मनाए जाने वाले इस पर्व में 5 पुतलों का दहन होगा। प्रधान भीम सचदेवा ने बताया कि यहां रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के साथ-साथ लंका दहन और लंकिनी का भी दहन किया जाएगा। जोकि इस बार आकर्षण का केंद्र भी बनेगा। यहां पुतलों की आंखों से अंगारे भी बरसेंगे।
वहीं, सनौली रोड दशहरा कमेटी के प्रधान रमेश माटा ने बताया कि सेक्टर 25 में जिमखाना क्लब के सामने वे दशहरा मनाएंगे। यहां 70 फीट रावण का पुतला दहन किया जाएगा। दहन से 9 मिनट पहले सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। दशहरा देखने के लिए 2 हजार कुर्सियां लगाई गई है।
सीसीटीवी कैमरे भी लगाए
भीड़ को देखते हुए यहां हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस कर्मचारियों के साथ-साथ यहां पर्सनल बाउंसरों की भी ड्यूटी लगाई गई है जो कि शरारती तत्व पर नजर रखेंगे। इसी के साथ-साथ दशहरा पर्व में पहुंचे लोगों और रावण परिवार व श्री राम पर छोटे हेलिकॉप्टर के साथ पुष्प वर्षा की जाएगी।

इन 3 जगहों पर भी होगा दहन
सेक्टर 24 में कृष्णा-कृष्णा क्लब द्वारा 101 फीट का रावण दहन किया जाएगा। देवी मंदिर में 80 फीट रावण का दहन किया जाएगा। मॉडल टाउन के शिवाजी स्टेडियम में आंखों से चिंगारी निकलने वाले 65 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा।
ट्रैफिक रूट रहेगा डायवर्ट
शहर में दोपहर 2 से शाम 7 बजे तक रूट डायवर्ट रहेगा। 200 पुलिस वालों की ड्यूटी लगी है। यूपी की ओर से आने वाले वाहनों को हुडा बाइपास से जीटी रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। जीटी रोड पर मलिक पेट्रोल पंप की ओर से मित्तल मेगा मॉल की ओर और बलजीत नगर नाका से शहर की तरफ जाने वाले कॉमर्शियल वाहनों के आवाजाही पर पाबंदी रहेगी।
एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि डीएसपी हेडक्वार्टर धर्मबीर सिंह खर्ब को मॉडल टाउन, डीएसपी सतीश गौतम को सेक्टर 13/17, डीएसपी ट्रैफिक सुरेश कुमार को तहसील कैंप, डीएसपी नरेंद्र सिंह को चांदनी बाग इलाके का नोडल अधिकारी लगाया है।

