हरियाणा के Panipat में शादी से पहले ऐसा बवाल हुआ कि बारात बिना दुल्हन के लौट गई। मामला 23 फरवरी का है, जब भाटिया कॉलोनी स्थित एक मैरिज हॉल में शादी के दौरान दुल्हन को ससुरालवालों का लाया हुआ लहंगा पसंद नहीं आया। इसी के साथ आर्टिफिशियल ज्वेलरी को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया।
अमृतसर से बारात धूमधाम से पहुंची थी, लेकिन दुल्हन ने जैसे ही लहंगा देखा, उसने इसे पहनने से इनकार कर दिया।दुल्हन के मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले पुराना लहंगा और सस्ती ज्वेलरी लाए, यहां तक कि जयमाला भी नहीं लाए थे। जब इस पर सवाल किया गया, तो लड़के वालों ने कहा कि उनके परिवार में जयमाला की परंपरा नहीं है।दोनों पक्षों में बहस इतनी बढ़ी कि हाथापाई तक हो गई, यहां तक कि तलवारें भी निकाल ली गईं।
दुल्हन की मां के मुताबिक, उनकी छोटी बेटी की शादी भी इसी दिन तय थी। बड़ी बेटी का रिश्ता पहले हुआ था, लेकिन लड़के वालों ने दो साल इंतजार करने को कहा था। अचानक, उन्होंने शादी जल्दी करने का दबाव बनाया।
लड़की पक्ष का आरोप
लड़की पक्ष का कहना है कि शादी से पहले लड़के वालों ने चांदनी चौक से लहंगा मंगवाने के लिए 13 हजार एडवांस दिलवा दिया और फिर मना कर दिया। होटल में कमरे बुक कराने के नाम पर पैसे लिए और फिर रद्द कर दिया। शादी के दौरान उनसे एक लाख रुपए की मांग की गई।

लड़के पक्ष की सफाई
लड़के पक्ष का कहना है कि उन्होंने शादी के लिए दो साल का समय मांगा था, लेकिन लड़की वाले जल्दी करने का दबाव बना रहे थे। हॉल बुकिंग के नाम पर 10 हजार लिए गए। लहंगे की कीमत कभी 20 तो कभी 30 हजार बताई गई। दुल्हन की नानी ने सोने के पांच जेवर बनवाने की मांग रखी थी।
बारात लौटी, पुलिस भी आई, लेकिन शिकायत नहीं हुई
हंगामे के दौरान डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, मामला शांत नहीं हुआ और बारात बिना दुल्हन के लौट गई। किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन शादी टूटने की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई।