सोनीपत के गोहाना के गांव लाठ में शुक्रवार को दो लोगों की सरेआम गोलियों से भून कर हत्या कर दी गई। दोनों मृतक गांव में 5 महीने पहले हुए सूरज हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों के पिता हैं। बाइक व गाड़ियों में सवार 10-12 बदमाशों ने दोनों पर 25 से 30 राउंड गोलियां चलाई। जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गचा। वहीं गोलियां लगने से दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी अनुसार गोहाना क्षेत्र के गांव लाठ के राज और रमेश शुक्रवार को बाइक पर सवार होकर सोनीपत के लिए निकले थे। दोनों अभी गांव से बाहर गोहाना-सोनीपत रोड पर अड्डे पर पहुंचे ही थे कि बाइक व गाड़ियों में सवार युवकों ने उनको घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोलियां चलने से मौके पर हड़कंप मच गया। डर के मारे लोग घरों और दुकानों में दुबक गए। इस दौरान जब दोनों लोगों ने भागने का प्रयास किया तो उनको गोलियों ने भून दिया। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
डबल मर्डर की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस
गांव लाठ में डबल मर्डर की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के पूरे क्षेत्र को पुलिस ने घेरकर नाकाबंदी कर दी। पुलिस की ओर से हत्या कर फरार हुए बदमाशों की खोजबीन की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं लगा था।
सूरज हत्याकांड में लिया बदला
गोहाना सदर थाना के एसएचओ वजीर सिंह रेढू ने बताया कि गांव लाठ में 22 अप्रैल को सूरज नाम के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक राज व रमेश की हत्या को इसी का बदला माना जा रहा है। पुलिस ने सूरज हत्याकांड में गांव के ही विक्की और विजय उर्फ भठरा को गिरफ्तार किया था। दोनों फिलहाल जेल में है। शुक्रवार को बदमाशों ने विक्की के पिता राज और भठरा के पिता रमेश को गोलियां मारी हैं। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई।
भागने के बावजूद अपनी जान नहीं बचा पाए दोनों व्यक्ति
गांव लाठ के अड्डे पर बदमाशों की ओर 25 से 30 राउंड गोलियां चलाई गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव गूंज उठा और लोगों में हड़कंप मच गया। राज व रमेश ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जान नहीं बचा पाए। गोलियां चलने के बाद पूरा क्षेत्र सुनसान हो गया। वहां मौजूद लोगों को जहां भी जगह मिली, छिप गए। बदमाश दोनों की हत्या कर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।