Teenager gives birth to a child

Yamunanagar : किशोरी ने महज 16 साल की उम्र में दिया बच्चे को जन्म, पति पर पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

यमुनानगर हरियाणा

हरियाणा के यमुनानगर स्थित गांधीनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय नाबालिग ने बच्चे को जन्म दिया है। उसने अपने प्रेमी से एक साल पहले शादी की थी। इसके बाद दोनों यहां किराये के मकान में रह रहे हैं। आधार कार्ड में आयु कम होने पर नागरिक अस्पताल जगाधरी से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने किशोरी के बयान दर्ज किए। वहीं पुलिस ने  स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गीतांजलि की शिकायत पर पॉक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार एक साल पहले परिजनों की सहमति से प्रेम विवाह के बाद 16 वर्षीय किशोरी ने देर रात एक बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल में जब चिकित्सक ने आधार कार्ड मांगा तो उसमें किशोरी की उम्र-16 वर्ष थी। जिस पर चिकित्सक भी हतप्रभ रह गए। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। गांधी नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गीतांजलि की शिकायत पर किशोरी के पति पर पॉक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

किशोरी के अनुसार वह मूल रूप से बिहार के एक गांव की रहने वाली है। उसका काफी समय से बिहार के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिजनों ने आपस में बातचीत कर लगभग एक वर्ष पहले उनकी शादी कर दी थी। इसके बाद दोनों यमुनानगर के गांधी नगर में एक किराये के मकान में रह रहे है। शिकायत में बताया गया है कि प्रसव पीड़ा होने पर 22 सितंबर को किशोरी के पति ने उसे जगाधरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान उसने एक बच्चे को जन्म दिया है, लेकिन जब उन्होंने जच्चा का आधार कार्ड देखा तो उसकी उम्र मात्र 16 साल मिली, जो की बाल अपराध की श्रेणी में आता है। यह देखते हुए उन्होंने पुलिस व बाल कल्याण समिति को इसकी जानकारी दी। पुलिस और बाल कल्याण समिति की टीम अस्पताल पहुंची और किशोरी के बयान दर्ज किए।

Whatsapp Channel Join

किशोरी ने पुलिस कार्रवाई से किया इंकार

पुलिस का कहना है कि बिहार के एक गांव निवासी किशोरी का वहीं के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिजनों की सहमति पर ही उनकी शादी हुई है। करीब एक वर्ष पहले दोनों ने शादी कर ली थी। इस बीच किशोरी गर्भवती हो गई। अब छह महीने से यहां गांधीनगर थाना क्षेत्र की कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे। प्रसव पीड़ा होने पर किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया है। उसके नाबालिग होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी ने मामले में अपने पति व किसी अन्य पर कोई भी पुलिस कार्रवाई करने से इंकार कर दिया है।