झज्जर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी फ्लिपकार्ट में काम करते थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। जिसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। इस घटना में मरे एक युवक की 6 दिसंबर को शादी होनी थी। दोनों युवक शादी में हलवाई बुक करने के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद जिस घर में शादी की तैयारियों की खुशियां चल रही थी, वहां मातम पसर गया
जानकारी के मुताबिक वीरेंद्र (25) निवासी तुम्बाहेड़ी की शादी की तैयारियां चल रही थी। बुधवार को वह गांव कोका के रहने वाले मोहित (25) के साथ हलवाई से बात करने के लिए जा रहे थे। वह बाइक पर सवार होकर भठेड़ा गांव की तरफ चल पड़े। जब वह गांव माछरौली के पास पहुंची तो तेज रफ्तार बेकाबू ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे दोनों की वहीं मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक मृतक मोहित की शादी हो चुकी है। माछरौली थाने के एएसआई मनोज ने बताया कि मोहित के पिता रामनिवास के बयान पर ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग का केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद लाशें परिवार को सौंप दी गई हैं।

