● सौरभ की हत्या के बाद जेल में बंद मुस्कान की प्रेग्नेंसी की पुष्टि
● मेडिकल जांच में सामने आया सच, सीएमओ कार्यालय ने दी आधिकारिक जानकारी
● मुस्कान की हालत नाजुक, जेल में दी जा रही है जरूरी दवाइयां और अल्ट्रासाउंड की सलाह
Muskaan Pregnancy: मेरठ के बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड में अब एक नया मोड़ सामने आया है। चौधरी चरण सिंह जिला जेल में बंद मुस्कान की प्रेग्नेंसी को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। मेडिकल जांच के बाद इस बात की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है कि वह गर्भवती है। यह जानकारी खुद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय की ओर से सार्वजनिक की गई है।
जानकारी के अनुसार, मुस्कान की तबीयत बिगड़ने के बाद जेल प्रशासन ने उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा था। मेडिकल रिपोर्ट में सामने आया कि वह गर्भवती है, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम ने उसे खून बढ़ाने वाली दवाइयों के साथ-साथ प्रेग्नेंसी में दी जाने वाली अन्य आवश्यक दवाएं देना शुरू कर दिया है। साथ ही डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड की सलाह भी दी है, ताकि गर्भ की स्थिति को विस्तार से जांचा जा सके।
गौरतलब है कि सौरभ की हत्या के आरोप में मुस्कान पहले से ही जेल में बंद है। हत्या के इस जघन्य मामले ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी और अब इस प्रेग्नेंसी की खबर ने इसे और भी संवेदनशील बना दिया है। बताया जा रहा है कि जब मुस्कान को इस बात की जानकारी हुई कि वह गर्भवती है, तो वह पूरी तरह नर्वस हो गई और उसके चेहरे पर किसी भी प्रकार की खुशी नजर नहीं आई। वह लगातार चुप रही और किसी से बात नहीं की।
इस पूरे मामले पर कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी है, वहीं जेल प्रशासन मुस्कान के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी कर रहा है। सूत्रों की मानें तो यह मामला अब और पेचीदा हो गया है, क्योंकि गर्भवती कैदी के साथ जेल में किस प्रकार का व्यवहार होना चाहिए, इस पर भी विचार किया जा रहा है।

