India Weather Update: भारत के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के कारण सुबह और शाम ठंड का असर महसूस किया जा रहा है, वहीं बिहार में भी ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट आई है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से सर्दी फिर से लौट आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। 20 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान और बिहार में बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूर्वोत्तर भारत में बारिश होगी। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 20 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश और ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
उत्तर भारत में ठंड का असर
17 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में हल्की बारिश की संभावना है। 18 से 20 फरवरी के बीच राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। दिल्ली में शनिवार को बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है, जहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
दिल्ली में ठंड कम, लेकिन बारिश संभव
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 84% रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, शनिवार सुबह 9 बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ (AQI 160) श्रेणी में दर्ज की गई।
मुख्य शहरों में तापमान का हाल
शहर | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
---|---|---|
दिल्ली | 10 | 26 |
नोएडा | 11 | 25 |
गाजियाबाद | 10 | 24 |
पटना | 14 | 28 |
लखनऊ | 12 | 27 |
जयपुर | 13 | 29 |
भोपाल | 14 | 28 |
मुंबई | 21 | 34 |
दरभंगा | 14 | 28 |
जम्मू | 9 | 23 |
प्रयागराज | 13 | 28 |
कोलकाता | 18 | 29 |
अहमदाबाद | 16 | 35 |
बेंगलुरु | 17 | 34 |
कानपुर | 15 | 28 |
वाराणसी | 13 | 27 |
राजस्थान में चढ़ा पारा
राजस्थान में सर्दी का असर कम होने लगा है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य में शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि करौली में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी जयपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 20 फरवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जयपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग में बादल छाने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।