Ghaziabad में भाजपा पश्चिम क्षेत्र संगठन पर्व-2024 की जिला महानगर चुनाव अधिकारियों की कार्यशाला का आयोजन किया गया। BJP के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े ने कहा कि संगठन के विस्तार में पार्टी की विचारधारा के अनुरूप कार्यकर्ताओं को प्रेरित करके आगे लाना चाहिये। प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी सुभाष यदुवंशी ने बताया कि कार्यकर्ताओं के दम पर पश्चिम उत्तर प्रदेश में पार्टी ने 54 लाख की सदस्यता का रिकॉर्ड बनाया है।

वैचारिक मजबूती को बनाए रखें
राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने कहा कि संगठन के विस्तार एवं वैचारिक मजबूती के आधार को निष्ठापूर्वक संगठनात्मक चुनाव में अपनाये रखना है, जिससे भविष्य में आने वाली चुनौतियों का सामना किया जा सके। संगठन चुनाव के दौरान कार्यकर्ता की निष्ठा और उसकी प्रतिबद्धता सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होती है। हम आज सत्ता में हैं और आगे भी सत्ता में रहें, इसलिए संगठन के विस्तार में पार्टी की विचारधारा के अनुरूप कार्यकर्ताओं को प्रेरित करके आगे लाना चाहिये।
युवा-महिलाओं के प्रतिनिधित्व पर जोर
राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़ ने कहा कि भाजपा के संविधान के अनुसार नियमों के तहत आम सहमति से चुनावों में युवा वर्ग को संगठन विस्तार में अहम् भूमिका में लाया जाए। समाज के सभी वर्गों के साथ-साथ महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व देने का पूरा प्रयास करना है। संगठन विस्तार के साथ-साथ क्षेत्र की सामाजिक-राजनीतिक स्थितियों का विश्लेषण करते हुये नेतृत्व को सामने लेकर आना है।

संगठनात्मक कार्य की सराहना की
उत्तर प्रदेश के सह चुनाव अधिकारी अनिल चौधरी ने अपने संबोधन में पश्चिम उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक कार्य की सराहना की। उन्होंने क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशौदिया एवं समस्त जिला महानगर अध्यक्ष द्वारा बूथ गठन से लेकर सदस्यता अभियान के सफल आयोजन तक के लिए पीठ थपथपाई। क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशौदिया ने कहा कि सभी मंडल अध्यक्षों का चयन 15 दिसंबर तक कर लिया जाएगा। वहीं, 30 दिसंबर तक सभी जिला अध्यक्षों का चुनाव अथवा चयन करा लिए जायेंगे। पश्चिम उत्तर प्रदेश में 19 जिले, 330 मंडल और 28700 बूथ है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में 40000 सक्रिय सदस्य बनाए गए हैं।