मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को “गांव चलो” अभियान के तहत जिला पंचकूला के रामगढ़ गांव पहुंचे और यहां गांव की चौपाल में ग्रामीणों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत भगवान शिव के मंदिर में पूजा-अर्चना से की, जहां उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की और स्वच्छता का संदेश देते हुए ग्रामीणों को प्रेरित किया। इस मौके पर उन्होंने सभी को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं भी दीं।
रामगढ़ गांव के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने 21 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुसार “चुनाव हों या न हों, नेताओं को गांव जाकर जनता से मिलना चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।”
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि बीते 10 वर्षों में हरियाणा में अभूतपूर्व विकास हुआ है, जिसे प्रदेश की जनता महसूस कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता सिर्फ चुनाव के समय गांवों में आकर वादे करते हैं, जबकि उनकी सरकार बिना चुनावी स्वार्थ के लोगों की सेवा कर रही है।
रामगढ़ से सहारनपुर तक 45 मिनट में पहुंचने की सुविधा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सड़क नेटवर्क की बेहतरी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में मुख्यमंत्री निवास पर करीब डेढ़ लाख लोग मिले, जिनमें से 75 हजार की समस्याओं का समाधान किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बेटियों के लिए कॉलेज हर 20 किलोमीटर पर खोले जाने की बात कही ताकि उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े। किसानों के हित में उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एसएसपी) पर खरीदा जा रहा है। साथ ही, रेवाड़ी में एशिया की सबसे बड़ी सरसों तेल मिल और कुरुक्षेत्र में सूरजमुखी किसानों के लिए बड़ी तेल मिल की स्थापना की योजना है।
मुख्यमंत्री ने रामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने सोलर आंगनबाड़ी केंद्र में छोटी बच्चियों से बातचीत की, उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया और शिक्षा तथा पोषण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।