- राहुल गांधी ने हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं संग पहले चरण की बैठक शुरू की
- बैठक में बीके हरिप्रसाद, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, सुरजेवाला व वीरेंद्र सिंह शामिल
- हरियाणा कांग्रेस के ‘संगठन सर्जन अभियान’ पर गंभीर चर्चा जारी
📰 खबर का विस्तार:
हरियाणा कांग्रेस में संगठन पुनर्गठन की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में पहले चरण की अहम बैठक शुरू कर दी है। इस बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही, जिनमें हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, चौधरी वीरेंद्र सिंह समेत अन्य 17-18 प्रमुख नेता शामिल हैं।
बैठक का उद्देश्य हरियाणा कांग्रेस संगठन की गुटबाजी को समाप्त करना, जिला व ब्लॉक स्तर पर मजबूत सांगठनिक ढांचे का निर्माण करना, और पार्टी को आगामी चुनावों के लिए तैयार करना है। राहुल गांधी इस चर्चा में सभी नेताओं से फीडबैक ले रहे हैं और प्रदेश में कांग्रेस की दिशा व दशा को लेकर स्पष्ट संवाद कर रहे हैं।
यह बैठक राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘संगठन सृजन अभियान’ का हिस्सा है, जिसके तहत पार्टी हरियाणा में नई संरचना और सामूहिक नेतृत्व की अवधारणा पर काम कर रही है। हरियाणा में पिछले कुछ वर्षों से गुटबाजी और अंदरूनी संघर्ष के चलते पार्टी कमजोर स्थिति में रही है, जिससे विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को नुकसान झेलना पड़ा।
राहुल गांधी इस दौरे से न केवल नेताओं को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रहे हैं, बल्कि पारदर्शी संगठनात्मक ढांचे और नीतिगत सामंजस्य पर भी ज़ोर दे रहे हैं। अगले चरणों में जिलों के पर्यवेक्षकों और जमीनी कार्यकर्ताओं से भी संवाद की योजना है।

- राहुल गांधी हरियाणा कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, 17 वरिष्ठ नेताओं संग करेंगे संगठन विस्तार की बैठक
- कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई धक्का-मुक्की, माहौल तनावपूर्ण
- प्रदेश में गुटबाजी खत्म कर नया संगठन तैयार करने की रणनीति पर जोर
Rahul Gandhi visits Haryana Congress office: हरियाणा में कांग्रेस को पुनर्गठित करने और गुटबाजी खत्म करने के उद्देश्य से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज (4 जून) चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के 17 वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करने का कार्यक्रम तय किया है। यह दौरा कांग्रेस के ‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ का हिस्सा है, जिसके तहत राहुल गांधी प्रदेश नेतृत्व को एकजुट कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना चाहते हैं।

राहुल गांधी की बैठक का मुख्य फोकस गुटबाजी समाप्त करना और संगठन को विस्तार देना है। इस दौरान वे प्रदेश के सभी 22 जिलों में नियुक्त पर्यवेक्षकों से भी अलग से मीटिंग करेंगे और फीडबैक लेंगे। कांग्रेस का मानना है कि यदि समय रहते पार्टी के भीतर की दरारें नहीं भरी गईं, तो 2029 तक भी संगठन का पुनर्निर्माण कठिन होगा।

हालांकि, राहुल गांधी के पहुंचने से पहले ही कांग्रेस कार्यालय के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों में धक्का-मुक्की हुई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें पुलिस द्वारा अंदर जाने से रोका गया और धक्का दिया गया। इससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

गौरतलब है कि हरियाणा कांग्रेस पिछले 11 वर्षों से पूर्णकालिक संगठन नहीं बना पाई है। इसका प्रमुख कारण प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के बीच चल रही गुटबाजी रही है, जिसकी वजह से पार्टी को 2024 के विधानसभा चुनाव में भी हार का सामना करना पड़ा। राहुल गांधी अब इस दौरे से उम्मीद कर रहे हैं कि वह वरिष्ठ नेताओं को एक मंच पर लाकर आपसी मतभेद दूर करेंगे और हरियाणा में मजबूत संगठन खड़ा करेंगे।
