हरियाणा के पानीपत जिले में दिवाली की रात एक हादसा हो गया। समालखा में पटाखों के बीच में अनाज मंडी प्रधान के बेटे ने गोली चला दी। यह गोली एक आढ़ती को जा लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां वह उपचाराधीन है।
समालखा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अनाज मंडी के प्रधान बलजीत सिंह का बेटा अनिल अपने पिता की दुकान नंबर 25 के बाहर ही पटाखे फोड़ रहा था। इसी बीच अनिल ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायर किए। जो फायर दुकान नंबर 21 के बाहर बैठे आढ़ती अरुण को जा लगी। आनन-फानन में घायल अवस्था में अरूण को तुरंत वहां से एक निजी अस्पताल ले गए। जहां रात को ही डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर दिया। जिससे उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। फिलहाल घायल अस्पताल में ही दाखिल है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई कर रही है।