Kaithal के गुहला पंचायत समिति की चेयरपर्सन पद के लिए कल चुनाव होगा। जिसमें भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। भाजपा अपने बहुमत का दावा कर रही है, जबकि कांग्रेस ने जोड़-तोड़ की राजनीति तेज कर दी है। इस चुनाव में ईवीएम से वोटिंग की जाएगी और नतीजे अगले दिन घोषित किए जाएंगे।
गुहला पंचायत समिति में कुल 23 पार्षद हैं, जिनमें से वार्ड नंबर 14 से पार्षद रही ज्योति रानी ने निजी कारणों से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा मंजूर होने के बाद बाकी 22 पार्षद मतदान में हिस्सा लेंगे। इससे पहले इन सदस्यों में से 19 पार्षदों ने तत्कालीन चेयरपर्सन डिंपल के खिलाफ वोट किया था, जिसके बाद चेयरपर्सन का पद खाली हुआ।
चुनाव में दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता
गुहला पंचायत समिति के चेयरपर्सन पद के लिए दो तिहाई सदस्यों का बहुमत जरूरी है, यानी भाजपा को अपना उम्मीदवार जीताने के लिए 15 सदस्य का समर्थन प्राप्त करना होगा। वर्तमान में भाजपा समर्थित 15 से अधिक सदस्य एकजुट हैं।
भाजपा और कांग्रेस की रणनीति
भाजपा के स्थानीय नेताओं का कहना है कि उन्हें समिति में स्पष्ट बहुमत प्राप्त है और उनका उम्मीदवार आसानी से जीत दर्ज करेगा। भाजपा ने यह भी दावा किया कि उनकी रणनीति मजबूत है और सभी सदस्य पार्टी के पक्ष में हैं।
कांग्रेस ने भी चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकी है। पार्टी नेताओं ने निर्दलीय और अन्य सदस्यों से समर्थन प्राप्त करने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा का बहुमत केवल कागजों पर है और परिणामों में उलटफेर हो सकता है।
सुखविंदर कौर भाजपा की चेयरपर्सन दावेदार
भाजपा ने सुखविंदर कौर को चेयरपर्सन पद के लिए नॉमिनेट किया है। वे वार्ड नंबर 6 से सदस्य हैं और उनका चेयरपर्सन बनना लगभग तय माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा के पास पूर्ण बहुमत है। पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर 11 बजे सभी सदस्यों के साथ बीडीपीओ कार्यालय पहुंचेंगे, जहां चुनावी प्रक्रिया शुरू होगी।
निर्वाचन अधिकारी की तैयारियों का दावा
चुनाव अधिकारी ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किया जाएगा। यह चुनाव स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा की जीत पार्टी की पकड़ को मजबूत कर सकती है, जबकि कांग्रेस की जीत उसे नया संबल दे सकती है।