●9-20 फरवरी के दौरान आंशिक बादलवाई और 20 फरवरी को बूंदाबांदी संभावित।
● अधिकतम तापमान में 2°C तक गिरावट की संभावना, 21 फरवरी के बाद मौसम सामान्य रहेगा।
● हिमाचल में कड़ी धूप, ऊना में तापमान 29.6°C तक पहुंचा।
Weather Forecast 2025: हरियाणा समेत उत्तर भारत के मौसम में बदलाव की सभावना है। मंगलवार को हरियाणा के कई हिस्सों में सुबह बादल छाए रहे। हालांकि शाम होते-होते आसमान साफ हो गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार और गुरुवार (21 फरवरी) तक बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना बनी हुई है। इससे अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
20 फरवरी को हो सकती है हल्की बारिश
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 19 और 20 फरवरी के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण हवाओं में बदलाव होगा, जिससे आंशिक बादलवाई और 20 फरवरी को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
21 फरवरी के बाद सामान्य रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 21 फरवरी के बाद मौसम खुश्क रहेगा और रात्रि के तापमान में गिरावट संभावित है। मंगलवार को रोहतक में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चरखी दादरी में फरवरी में मार्च जैसा मौसम
चरखी दादरी में इस बार फरवरी के तीसरे सप्ताह में न्यूनतम और अधिकतम तापमान पिछले वर्षों की तुलना में अधिक देखने को मिला है, जिससे मौसम मार्च महीने जैसा महसूस हो रहा है। इस बदलाव के चलते लोगों की दिनचर्या, खानपान और पहनावे में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों में जिले में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल में भी तापमान में वृद्धि
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को कड़ी धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। ऊना में फरवरी माह का उच्चतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सेऊबाग में सबसे अधिक वृद्धि (3.6°C) देखी गई। वहीं, न्यूनतम तापमान ताबो में -7.6°C, केलंग में -6.7°C, कुकुमसेरी में -5.6°C और कल्पा में -2.0°C दर्ज किया गया।
देश के अन्य हिस्से
मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 फरवरी तक असम और मेघालय सहित पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश होने वाली है। कई अन्य राज्यों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने वाली है, जिसमें अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम शामिल हैं।
पश्चिमी विक्षोभ ने भी भारत के उत्तरी और पश्चिमी क्षेत्रों में मौसम में बदलाव किया है। पश्चिमी विक्षोभ गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड जैसे पूर्वी क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा, जहां 19 से 20 फरवरी को हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह की मौसमी स्थिति रहेगी, 19-20 फरवरी को हल्की बारिश की उम्मीद है. इसके अलावा, छत्तीसगढ़ में 21-22 फरवरी को हल्की बारिश होगी। पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी और मध्य भारत को भी प्रभावित कर सकता है, जिसके परिणामस्वरूप 19 फरवरी को पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट बारिश और 19-20 फरवरी को पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश हो सकती है।
अगले 24 घंटे का मौसम
स्काईमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान, हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हो सकती है। हल्की बारिश गंगीय पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में संभव है। 19-20 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और उत्तर राजस्थान में बारिश की गतिविधियां तेज हो जाएंगी। गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश तेज हो सकती है।