फरीदाबाद। जवाहर कॉलोनी में शनिवार देर रात सनसनी फैल गई जब सारन थाना पुलिस ने डिस्पोजल के पास बने एक मकान से एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया। मृतक महिला की पहचान बड़खल निवासी 45 वर्षीय सोनिया के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 10 वर्षों से अपने परिचित जितेंद्र के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस को शक है कि सोनिया की हत्या जितेंद्र ने की है, जो घटना के बाद से फरार है।
पुलिस के अनुसार, सोनिया की मौत लगभग पांच दिन पहले हो चुकी थी। जब पुलिस ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो महिला का शव बेड पर पड़ा मिला, जिसमें कीड़े लग चुके थे। मृतका का बेटा मुंबई में रहकर नौकरी करता है, जिसे सूचना दे दी गई है।
शनिवार शाम तब हुई जब जितेंद्र कई वर्षों बाद अपनी नानी सुंदरी देवी से मिलने पहुंचा। बातचीत के दौरान उसने नानी को सोनिया की हत्या करने की बात बताई और कहा कि वह आत्मसमर्पण करने के लिए सारन थाना जा रहा है। लेकिन थाना पहुंचने की बजाय वह फरार हो गया। घबराई हुई नानी ने तुरंत सारन थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर घर का ताला तोड़ा और शव बरामद किया।
जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र पहले से शादीशुदा था। उसकी पत्नी पूनम की 12 साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उसके दो बेटे हैं, जो अपनी दादी के साथ रहते हैं और जितेंद्र से कोई संपर्क नहीं रखते। वहीं, सोनिया के पति का भी काफी पहले निधन हो चुका था।