हरियाणा के अंबाला कैंट में शुक्रवार देर शाम गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से बड़ा धमाका हुआ। जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हुई थी, जबकि दूसरे व्यक्ति ने पीजीआई चंडीगढ़ जाते वक्त दम तोड़ दिया। एक व्यक्ति को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसा टांगरी बांध के पास न्यू शक्ति नगर में एक मकान में चाय बनाते वक्त हुआ। मृतकों की शिनाख्त यूपी के गांव खतौली निवासी फजल और दिलशाद के रूप में हुई है। फजल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दिलशाद ने चंडीगढ़ जाते समय दम तोड़ा।
जानकारी के मुताबिक, दिलशाद ने 15 दिन पहले ही टांगरी बांध के पास न्यू शक्ति नगर में 2 कमरे किराए पर लिए थे। इनमें सात लोग रहते थे। ये सभी अंबाला कैंट में ही स्क्रैप का काम करते थे। शुक्रवार देर शाम अचानक छोटा गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से मकान की दीवार गिर गई। ब्लास्ट की धमक काफी दूर तक सुनाई दी। पड़ोसियों ने देखा तो अफरातफरी मची हुई थी। मकान से धुआं निकल रहा था। मलबे में फंसे लोगों में चीख-पुकार मची हुई थी।
हादसे के बाद फजल के शव को मलबे के नीचे से निकाला गया। हादसे में घायल दिलशाद, सलमान, शाहनेफर, अफताब, अशरफ व रियान (16) को सिविल अस्पताल अंबाला कैंट में पहुंचाया गया। यहां से गंभीर हालत को देखते हुए दिलशाद और सलमान को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था