weather 1 5

सैलरी से दुगुनी कमाई का चमत्कार: हरियाणा में असिस्टेंट इंजीनियर पर CBI का बड़ा एक्शन

हरियाणा हरियाणा की बड़ी खबर

➤एनबीआरसी मानेसर के असिस्टेंट इंजीनियर पर सीबीआई ने DA केस दर्ज
➤2 साल में आय से 97.59% अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप
➤छतरपुर में मकान, ब्रेजा कार और करोड़ों का बैंक बैलेंस उजागर

सीबीआई, एसीबी चंडीगढ़ ने नेशनल ब्रेन रिसर्च सेंटर (एनबीआरसी), मानेसर (हरियाणा) में तैनात असिस्टेंट इंजीनियर संजय कुमार चौधरी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets – DA) का केस दर्ज किया है। जांच में पाया गया कि संजय ने जनवरी 2019 से दिसंबर 2020 के बीच अपनी वैध आय की तुलना में 97.59% अधिक संपत्ति अर्जित की।

सीबीआई की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2019 में उनके पास बैंक में मात्र ₹2.34 लाख बैलेंस था, जो दिसंबर 2020 तक बढ़कर ₹62.60 लाख हो गया। यानी दो वर्षों में उनका बैंक बैलेंस लगभग 27 गुना बढ़ गया।

Whatsapp Channel Join

जांच में यह भी सामने आया कि संजय कुमार चौधरी ने वर्ष 2019 में दिल्ली के छतरपुर में ₹50 लाख का मकान खरीदा और 2020 में मारुति ब्रेजा कार ₹8.47 लाख की कीमत पर खरीदी। इसके अलावा उनके बैंक खातों में ₹4.13 लाख जमा पाए गए।

सीबीआई की जांच के अनुसार—

  • कुल आय (दो साल): ₹38.85 लाख (सैलरी, ब्याज, HUF आय आदि से)
  • कुल खर्च: ₹16.52 लाख (घर खर्च, पीपीएफ निवेश, कार लोन आदि)
  • संपत्ति में बढ़ोतरी: ₹60.25 लाख
  • होनी चाहिए थी वास्तविक बचत: ₹22.33 लाख

लेकिन जांच में यह पाया गया कि वास्तविक बचत से ₹37.92 लाख अधिक संपत्ति संजय के पास मिली, जो उनकी आय से लगभग 98% ज्यादा है। सीबीआई ने इसे भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित 13(1)(b) के तहत दंडनीय अपराध माना है।

इस कार्रवाई के बाद सीबीआई अब संजय चौधरी की संपत्ति के स्रोतों की गहराई से जांच करेगी और यह पता लगाएगी कि आखिर इतनी बड़ी राशि कहां से आई।