दिल्ली में यमुना की वजह से आई बाढ़ को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गृहमंत्री अमितशाह को पत्र लिखा है। पत्र में गृहमंत्री से अनुरोध किया गया है कि वह हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से कहें कि हथिनी कुंड बैराज से दिल्ली की ओर कम पानी छोड़ा जाए।
इस पत्र के बाद से ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें तीन युवक हथिनी कुंड बैराज पर खडे़ हैं। वे दावा कर रहे हैं कि हथिनी कुंड बैराज से यूपी की नहर में पानी छोड़ने की बजाए, दिल्ली की ओर सारा पानी छोड़ा जा रहा है। इसकी वजह से दिल्ली में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को आधार बना हरियाणा की भाजपा सरकार को भी घेरा जा रहा है।
क्यों वायरल हो रहा हथनी कुंड बैराज का वीडियो?
वीडियो पोस्ट करने वालों ने वीडियो के नीचे डिस्क्रिप्शन में आरोप लगाया गया है कि बीजेपी घटिया राजनीति कर रही है। वीडियो में साफ़-साफ़ दिख रहा है कि बीजेपी ने साज़िश के तहत यमुना का सारा पानी दिल्ली एनसीआर की ओर छोड़ दिया है। जबकि, उनके पास यूपी के सहारनपुर वाली नहर में पानी भेजने का विकल्प था। पानी को सहारनपुर वाली नहर में क्यों नहीं छोड़ा गया? क्या बीजेपी अपनी गंदी राजनीति से दिल्ली और एनसीआर वालों को डुबाना चाहती है? दिल्ली एनसीआर के हर निवासी को यह वीडियो देखना चाहिए और सवाल पूछना चाहिए क्या यह बीजेपी का दोगलापन नहीं है?
सिटी तहलका की पड़ताल में वायरल वीडियो के सच सामने आया
वायरल वीडियो की जब सिटी तहलका ने पड़ताल की तो पाया कि वीडियो में जो दावा किया गया है वह सही नहीं है। वीडियो में भाजपा सरकार पर गलत आरोप लगाए गए हैं।
इस बारे में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी और हरियाणा के मुख्यमंत्री के सलाहकार (सिंचाई) देवेंद्र सिंह ने बताया कि सीडब्ल्यूसी (CWC) के दिशानिर्देशों के अनुसार यदि हथिनी कुंड बैराज में पानी का प्रवाह 1 लाख क्यूसेक से अधिक होता है, तो बड़े पत्थरों के कारण पानी पश्चिमी यमुना और पूर्वी यमुना नहर में प्रवाहित नहीं किया जा सकता। इससे बैराज को नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए नहरों के हेड रेगुलेटर के गेट बंद कर दिए जाते हैं और यमुना नदी में पानी के छोड़ दिया जाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो के माध्यम से आरोप लगाया जा रहा है कि हथिनी कुंड बैराज से पश्चिमी यमुना नहर और पूर्वी यमुना नहर में पानी ना छोड़ने की बजाए यमुना नदी में पानी छोड़ा जा रहा है जिससे दिल्ली में बाढ़ आ गई है।
यमुना में पानी छोड़ने की असल वजह क्या है?
हथिनी कुंड बैराज छछरौली और खिजराबाद इलाके में स्थित है। सिटी तहलका ने वहां के स्थानीय पत्रकार रविंद्र चौहान से बातचीत कर वीडियो का सच जानने की कोशिश की। रविंद्र चौहान ने भी देवेंद्र सिंह के दावे की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि जब भी बैराज पर पानी का जलस्तर एक लाख क्यूसेक से ऊपर जाता है तो, नहर में पानी रोक दिया जाता है। रविंद्र चौहान ने यह भी बताया कि बरसात के दिनों में जब यमुना के पानी में सिल्ट ज्यादा होती है, तब भी नहर में पानी नहीं डाला जाता ताकि, नहर में सिल्ट जमा न हो। इससे नहर को नुकसान होता है। अब जबकि यमुना का जलस्तर 40 से 50 हजार क्यूसेक है, तब भी पानी नहरों में नहीं छोड़ा जाता। यह हर साल होता है। यह कोई नई बात नहीं है।
इससे स्पष्ट होता है कि जो दावा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में किया गया, यह पूरी तरह से गलत है। इसमें कुछ भी सच नहीं है।