Haryana में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। पानीपत, करनाल, अंबाला, यमुनानगर और पलवल में घनी धुंध छाई हुई है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है। मौसम विभाग ने अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र और कैथल के लिए विशेष धुंध अलर्ट जारी किया है। वहीं, सोनीपत, भिवानी, झज्जर, नारनौल, रानियां और रोहतक में मौसम फिलहाल साफ है और धूप खिली है, लेकिन शीतलहर का प्रकोप जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार, 10 जनवरी की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे हवाओं की दिशा बदलेगी और 11–12 जनवरी को प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली कड़कने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बीते 48 घंटों में हरियाणा में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार रात को तापमान में 6 डिग्री और बुधवार रात को 2.1 डिग्री की गिरावट हुई। सोनीपत में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। पहली बार राज्य के सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि फिलहाल 10 जनवरी तक मौसम खुश्क रहेगा, लेकिन उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलते रात का तापमान और गिरेगा। सुबह के समय घने कोहरे की संभावना बनी रहेगी। हालांकि, 11–12 जनवरी की बारिश के बाद भी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।