➤8-9 अगस्त को हरियाणा रोडवेज में महिलाओं को मुफ्त यात्रा
➤15 साल तक के बच्चे को भी साथ में फ्री यात्रा सुविधा
➤चंडीगढ़ और दिल्ली तक की बसों में भी लागू होगा आदेश
हरियाणा सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और बच्चों को बड़ी सौगात दी है। राज्य में 9 अगस्त को रक्षाबंधन पर और उससे एक दिन पहले 8 अगस्त को भी सभी आयु वर्ग की महिलाएं हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
इस योजना के तहत महिलाएं राज्य के भीतर ही नहीं, बल्कि चंडीगढ़ और दिल्ली तक चलने वाली हरियाणा रोडवेज की सामान्य बसों में भी निशुल्क सफर कर पाएंगी। उनके साथ 15 साल तक की उम्र का बच्चा भी मुफ्त में सफर कर सकेगा।
यह निर्णय बुधवार को चंडीगढ़ में परिवहन मंत्री अनिल विज द्वारा सार्वजनिक किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि रक्षाबंधन जैसे पारिवारिक पर्व पर बहनों को अपने भाईयों तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो।
परिवहन मंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं के लिए एक राहत और सशक्तिकरण का प्रतीक है। रक्षाबंधन पर जब बहनें भाइयों के घर राखी बांधने के लिए यात्रा करती हैं, उस समय उन्हें बस किराए की चिंता से मुक्त करना राज्य सरकार का सौहार्द्रपूर्ण कदम है।
इस दौरान हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों को भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि महिला यात्रियों और उनके बच्चों को पूर्ण सम्मान और सहायता के साथ सेवा प्रदान की जाए।
सरकार का यह फैसला न केवल एक सामाजिक दृष्टिकोण से सराहनीय है, बल्कि महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा की दिशा में भी एक मजबूत पहल मानी जा रही है।