हरियाणा में स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 के तहत सोनीपत के गोहाना को प्रदेश का श्रेष्ठ स्वच्छ शहर चुना गया है। गोहाना शहर को हरियाणा में स्वच्छता के मामले में दूसरी बार प्रथम स्थान मिलने पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और मनोज जोशी ने सम्मान से नवाजा गया है। नगर परिषद की अध्यक्ष रजनी विरमानी सम्मानित होने के बाद गोहाना में बाबा भीमराव आंबेडकर चौक पहुंची तो शहरवासियों ने पुष्प मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान रजनी विरमानी ने बड़ों से आशीर्वाद लिया और सभी शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान रजनी विरमानी ने कहा कि गोहाना के नागरिकों के सहयोग और नगर परिषद् की ओर से स्वच्छता के प्रति किए गए कार्यों का यह प्रतिफल है। यह पुरस्कार गोहाना की जनता को समर्पित है। गौरतलब है कि नई दिल्ली स्थित प्रगति मैदान में स्थापित भारत मंडप में स्वच्छता सर्वेक्षण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें गोहाना नगर परिषद की अध्यक्ष रजनी विरमानी और नगर निगम कमिश्नर विश्राम कुमार मीणा ने पुरस्कार ग्रहण किया। बता दें कि भारत सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण करवाया। जिसमें एक लाख की जनसंख्या वाले गोहाना को स्वच्छ सिटी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। गोहाना अपने आप में मिसाल बनकर उभर रहा है।

नप अध्यक्ष रजनी विरमानी ने कहा कि गोहाना के नगर परिषद में कार्यरत 117 सफाई कर्मियों ने स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर बेहतर कार्य किया है। इन सफाई कर्मियों ने दिन-रात मेहनत कर नियमित रूप से सफाई की। साथ ही नप की तरफ से चलाए गए विशेष सफाई अभियान में भी अपना योगदान दिया है। जिससे गोहाना शहर साफ सुथरा बना है। हालांकि शहर की आबादी के अनुसार 200 से अधिक सफाई कर्मचारी होने चाहिए, लेकिन 117 सफाई कर्मचारियों ने भी व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला है। गोहाना शहर में 29 सार्वजनिक व 9 व्यावसायिक शौचालय हैं, जिन्हें सुचारू रूप से शुरू किया गया है। इन शौचालय में से कुछ में तो पानी की व्यवस्था भी नहीं थी और कई शौचालय बंद पड़े थे। नगर परिषद ने सभी शौचालय को चालू कराया। साथ ही सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगातर सभी शौचालय को नियमित रूप से साफ कराया गया। जिससे शहर में गंदगी न हो और शहर साफ सुथरा रहे।

नगर परिषद की अध्यक्ष रजनी विरमानी ने बताया कि गत वर्ष नगर परिषद की तरफ से एक-एक वार्ड कर 23 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें वार्ड पार्षद के नेतृत्व में साफ-सफाई की गई और सफाई निरीक्षक दुर्गा देवी ने रोजाना वार्ड का दौरा किया। साथ ही कार्यकारी अधिकारी निशा शर्मा ने विशेष सफाई अभियान में जाकर सफाई कर्मचारियों व क्षेत्र वासियों का साफ सफाई के प्रति जागरूक किया। नगर परिषद की तरफ से 1 से 7 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत शहर के विभिन्न डंपिंग स्टेशन व कूड़ा डालने के स्थानों की सफाई की गई। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी लोगों को साफ-सफाई रखने व कूड़े को निर्धारित जगह पर डालने के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं शहर में खाली प्लाट में पड़े कूड़े को उठाया गया है। नगर परिषद ने शहर के सार्वजनिक स्थानों की दीवारों पर चित्रकारी भी करवाई है। जिससे लोगों को जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है। चित्रकारी के माध्यम से शहर वासियों और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई रखने के बारे में जागरूक किया गया है। साथ ही स्वच्छता के महत्व की जानकारी भी दी गई।