Haryana में गर्मी और कटाई के मौसम के चलते खेतों में बढ़ रही आगजनी की घटनाओं को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए हैं कि आग से फसल गंवाने वाले किसानों को मुआवजा दिया जाएगा और अगली फसल की बुवाई के लिए बीज व खाद की भी सहायता दी जाएगी।
इसके साथ ही क्षतिपूर्ति पोर्टल को भी एक्टिव कर दिया गया है, जहां पीड़ित किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
6 जिलों में 650 एकड़ से ज्यादा फसलें जल चुकीं
राज्य के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों से अब तक 48 से अधिक आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। सिरसा में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जहां 250 एकड़ से ज्यादा खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी है।
DC को 24 घंटे अलर्ट पर रहने के निर्देश
मुख्यमंत्री सैनी ने सभी जिलों के उपायुक्तों (DC) को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
- फायर टेंडर, उपकरण और अग्निशमन कर्मी 24×7 स्थिति में उपलब्ध रहने चाहिए।
- ड्यूटी रोस्टर को स्पष्ट रूप से परिभाषित करने और छुट्टियों में भी सेवाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
हर शुक्रवार भेजनी होगी रिपोर्ट
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि
- सभी डीसी हर शुक्रवार को अपनी जिले की अग्नि सुरक्षा स्थिति की रिपोर्ट भेजें।
- रिपोर्ट में फायर अलर्ट, संसाधनों की उपलब्धता, और जन-जागरूकता अभियानों की जानकारी शामिल होगी।
गांवों में जन-जागरूकता अभियान चलेंगे
प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि
- गांव और ब्लॉक स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सिस्टम बनाया जाए।
- किसानों को जागरूक करने के लिए गांवों में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान चलाए जाएं।
- इन अभियानों के जरिए फसल कटाई के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जाएगी।
तापमान में बढ़ोतरी से आगजनी का खतरा
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की चेतावनी दी है। ऐसे में फसल अवशेषों और सूखे खेतों में आग लगने की संभावना ज्यादा बनी हुई है। प्रशासन से तत्काल समन्वित कार्रवाई करने को कहा गया है, जिसमें पुलिस, कृषि विभाग, आपदा प्रबंधन टीमें और अग्निशमन सेवाएं शामिल होंगी।
किसानों के लिए ऑनलाइन सुविधा
राज्य सरकार ने क्षतिपूर्ति पोर्टल को फिर से एक्टिव कर दिया है, जहां किसान ऑनलाइन आवेदन करके अपने नुकसान की भरपाई के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।