Brijender Singh

Brijendra Singh का उचाना में भव्य स्वागत, विपक्ष पर निशाना साधते हुए बोले- अब कमल खिलने नहीं, मुरझाने लगा है

जींद राजनीति विधानसभा चुनाव हरियाणा

कांग्रेस उम्मीदवार Brijendra Singh का उचाना कांग्रेस कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह और पूर्व विधायक प्रेमलता सिंह भी उपस्थित रहे। बृजेंद्र सिंह ने सबसे पहले उचाना कलां के दादा खेड़ा पर पूजा-अर्चना की और फिर डूमरखा कलां में जाकर दादा खेड़ा पर पूजा की।

पत्रकारों से बात करते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि वे सबसे पहले पार्टी और नेतृत्व का आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दी और पार्टी के हर सदस्य से अनुरोध किया कि वे एकजुट होकर चुनावी अभियान में योगदान दें। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य है कि उचाना, जींद और पूरे हरियाणा में कांग्रेस की भारी बहुमत से जीत सुनिश्चित की जाए।

भाजपा के बयान पर बृजेंद्र सिंह की प्रतिक्रिया
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के उचाना में कमल के फूल खिलने के बयान पर बृजेंद्र सिंह ने कहा कि कमल तो उनकी मां ने पहले ही खिला दिया था। अब कमल के मुरझाने का समय आ चुका है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति लोगों के समर्थन और आशीर्वाद पर आधारित है। उनका विश्वास है कि लोगों का स्नेह उनके लिए बना रहेगा।

Whatsapp Channel Join

युवाओं के लिए संदेश
बृजेंद्र सिंह ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि भाजपा के पिछले दस साल के शासन में रोजगार की दृष्टि से निराशा का सामना करना पड़ा है। हरियाणा में बेरोजगारी दर देश में सबसे अधिक है और युवाओं का पलायन हो रहा है। कांग्रेस की सरकार आने पर प्राथमिकता के आधार पर युवाओं के रोजगार के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने इसे पूरे प्रदेश की समस्या बताते हुए कांग्रेस की संजीदगी पर जोर दिया।

गठबंधन पर बृजेंद्र सिंह की टिप्पणी
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के कांग्रेस द्वारा हार के डर से प्रदेश में गठबंधन करने के बयान पर बृजेंद्र सिंह ने कहा कि गठबंधन की चर्चा इंडिया अलायंस के संदर्भ में हुई थी। कांग्रेस को प्रदेश में किसी गठबंधन की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस हरियाणा में पूरी तरह सक्षम है और बड़े बहुमत की ओर बढ़ रही है। बृजेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि आप ने 20 उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिससे यह स्पष्ट है कि गठबंधन की बातें वास्तविकता में नहीं आईं।

अन्य खबरें