Haryana Politics : हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि हर भारतीय की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करना ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मिशन है। मोदी की गारंटी पर देश को विश्वास है। जिसे आधार बनाकर अगले 5 साल क्या करना है, इसकी योजना संकल्प पत्र में है। ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि 80 करोड़ लोगों को मुफ़्त राशन, आयुष्मान भारत योजना की सुविधा, जनधन अकाउंट के जरिए भ्रष्टाचार पर अंकुश, 4 करोड़ जरूरतमंदों को घर, किसानों को सम्मान निधि जैसी योजनाएं मोदी की गारंटी हैं और यह आगे भी जारी रहेगी।
यह बातें हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने पंचकूला में पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान कहीं। ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि भाजपा की अगले 5 सालों में देश के हर कोने में बुलेट ट्रेन चलाने का भी संकल्प है। सबका साथ, सबका विकास का भाव भाजपा के संकल्प पत्र की आत्मा है। 15 लाख सुझावों पर विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया संकल्प पत्र 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण का दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, युवा, महिला और किसान को 4 स्तंभ मानते हुए उनके विकास पर लक्ष्य किया है। गुप्ता ने कहा कि संकल्प पत्र में मोदी ने गरीबों के लिए चलाई गई राशन योजना को 2029 तक बढ़ा दिया है। 70 साल का बुजुर्ग चाहे वह किसी भी वर्ग का हो, उसके 5 लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज की गारंटी दी है।
ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार नारी की गरिमा और नारी सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा का संकल्प, भारत को फूड प्रोसेसिंग हब बनाने का है। इससे वैल्यू एडीशन होगा, किसान का फायदा बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। यह फूड प्रोसेसिंग प्लांट्स, रूरल इकॉनॉमी के नए ग्रोथ इंजन बनेंगे। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने फसलों की एमएसपी में वृद्धि और किसान सम्मान निधि योजना जारी रखने का भी वादा किया है।

गुप्ता ने कहा कि 21वीं सदी भारत की है। भाजपा सरकार सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर, फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर फोकस कर रही है। संकल्प पत्र में मोदी ने देश में नए-नए सैटलाइट टाउंस बनाने का संकल्प लिया है, जो देश के विकास का ग्रोथ सेंटर बनेंगे, रोजगार के नए अवसर बनाएंगे। गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार देशहित में बड़े और कड़े निर्णय लेने से कभी पीछे नहीं हटती। हमारे लिए दल से बड़ा देश है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम अब कानून बन चुका है। हमारी सरकार ने धारा 370 हटाया और मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बना।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 10 सालों में 4 करोड़ घर बनाकर गरीबों को दिए जा चुके हैं। अगले पांच सालों में 3 करोड़ और घर देने का वादा है। योग्य युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए सरकार ने पेपर लीक पर कड़ा कानून बनाया है, जिसे लागू किया जाएगा। संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने की गारंटी दी है।
उन्होंने कहा कि वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन, नई वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत ट्रेनों को और ज्यादा संख्या में चलाना तथा यात्रियों की सुविधा के लिए वेटिंग लिस्ट को खत्म करने भी गारंटी दी है। अगले 5 सालों में नए एयरपोर्ट, हाईवे, मेट्रो, वॉटर मेट्रो के विस्तार की योजना है। भारत को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने और आत्मनिर्भर भारत बनाने का मोदी सरकार का वादा है।
मोदी सरकार ने 1 करोड़ लखपति दीदी का लक्ष्य पूरा कर लिया है और अब 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। भाजपा सरकार अब तक सिलेंडर घर-घर पहुंचा चुकी हैं। अब पाइप से सस्ती रसोई गैस घर-घर पहुंचाने के लिए तेजी से काम किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रमुख नवीन गर्ग, प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, पार्षद एवं जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र मलिक मौजूद रहे।