Your paragraph text 3 1

हरियाणा में बारिश का अलर्ट: 9 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बरसात की संभावना

हरियाणा

हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है और अगले कुछ दिनों तक पूरे राज्य में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों – चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह और हिसार – में अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार सुबह साढ़े 9 बजे तक इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

बारिश के चलते राज्य के अधिकतम तापमान में 4.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को नारनौल, जो प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, वहां भी तापमान गिरकर 34.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 15 जुलाई तक मौसम में अस्थिरता बनी रहेगी।

11 से 13 जुलाई के बीच राज्यभर में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं 14 और 15 जुलाई को उत्तरी हरियाणा में अधिकतर क्षेत्रों में जबकि दक्षिण-पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की आशंका है। इस दौरान कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है।

Whatsapp Channel Join

गुरुवार को हिसार और जींद में जोरदार बारिश हुई, वहीं गुरुग्राम में सड़कों की हालत बिगड़ने लगी है। एक सड़क धंसने से वहां से गुजर रहा ट्रक गड्ढे में समा गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला।

आने वाले दिनों में मौसम विभाग ने विस्तृत पूर्वानुमान भी जारी किया है:

  • 12 जुलाई: पलवल, मेवात, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ के 50-75% हिस्सों में बारिश होगी। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत और झज्जर में 25-50% क्षेत्रफल में बारिश संभव है।
  • 13 जुलाई: भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात के अधिकांश हिस्सों में बारिश होगी। अन्य 13 जिलों में भी छिटपुट बारिश की संभावना है।
  • 14 जुलाई: पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात के बड़े हिस्सों में बारिश होगी जबकि अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है। किसानों को भी फसल की सुरक्षा को लेकर जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं।