महिला व उसके बेटे को धोखा देकर 2 युवकों ने उड़ाई 2 चेन

सोनीपत

गोहाना में 2 युवकों ने एक महिला व उसके बेटे को धोखा देकर सोने की 2 चेन उड़ा ली। चोरी गई दोनों चेन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए थी। गोहाना सिटी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक गोहाना के आदर्श नगर में रहने वाले सन्नी ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को वह अपनी मां के साथ घर पर था। इसी दौरान एक बाइक पर 2 लड़के आए। वे गली में आवाज लगा रहे थे कि अपने सोने चांदी के जेवर, अपने पीतल के बर्तन चमकवा लो।

जेवर के बदले थमाई पाउडर की पन्नी

Whatsapp Channel Join

सन्नी ने बताया कि उनकी आवाज सुनकर उसकी मम्मी ने दोनों को घर में बुला लिया। उसकी मां ने दोनों युवकों को सोने की 2 चेन साफ करने के लिए दे दी। कुछ देर तक उन्होंने चेन को साफ किया। फिर उसकी मां को एक पन्नी, जिसमें पाउडर था, दे दी। युवकों ने उसे कहा कि इसे कुछ देर के लिए फ्रिज में रखे दें।

चेन लेकर युवक हुए फरार

युवक ने बताया कि इसके बाद दोनों लड़के वहां से चले गए। कुछ देर बाद उन्होंने फ्रिज से पन्नी (पॉलीथिन) निकाल कर देखा तो उसमे कुछ नही था। दोनों लड़के उनकी सोने की 2 चेन लेकर फरार हो गए। इसके बाद मामले की सूचना गोहाना शहर पुलिस को दी गई।

पुलिस के जांच अधिकारी HC रामबीर ने बताया कि दो युवकों के खिलाफ धारा 406 के तहत केस दर्ज किया गया है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी से बाइक सवार युवकों की पहचान के प्रयास हो रहे हैं। जल्द ही दोनों का पता लगा लेंगे।