Kisan Andolan 2 Live : किसान संगठनों के द्वारा अपनी मांगों को लेकर किए जा रहे दिल्ली कूच (किसान आंदोलन) में अब कांग्रेस पार्टी ने अपना हाथ आगे बढ़ाया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा किसानों को दिल्ली जाने की सलाह के बाद अब पंजाब के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने किसानों को कानूनी सहायता देने की बात कही है। इसके लिए एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है।
पंजाब के कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि किसान नेताओं का कहना है कि राजनीतिक दल उनके आंदोलन में शामिल नहीं होंगे। ऐसी स्थिति में भले ही हम आंदोलन में नहीं जाएंगे, लेकिन उनका मॉरल सपोर्ट किसानों के साथ रहेगा। उनके पास पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में पूरी टीम तैयार है। वहीं कांग्रेस ने किसानों को पूरी तरह 24 घंटे निशुल्क कानूनी सहायता मुहैया करवाने का फैसला लिया है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 82838 -35469 जारी कर दिया गया है। इस पर कॉल करने के बाद तुरंत पीड़ित को सहायता दी जाएगी।

वहीं किसानों के दिल्ली कूच पर हरियाणा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि सरकार को किसानों के साथ हुए समझौते का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की एमएसपी की मांग वैध है। सरकार को किसानों की मांगों को जल्द पूरा करना चाहिए।

उधर हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर का कहना है कि भाजपा सरकार ने किसानों के लिए जो काम किया है, वह पहले किसी सरकार ने नहीं किया। हम किसानों के साथ हैं। उन्हें लगता है कि किसान आंदोलन के पीछे राजनीति है, लेकिन सरकार चाहती है कि किसान आर्थिक रूप से मजबूत बनें।

शंभू बॉर्डर पर तनावपूर्ण स्थिति, धीरे-धीरे उमड़ रहा किसानों का हुजूम
अंबाला-पंजाब सीमा पर मौजूद शंभू बॉर्डर पर किसानों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए हैं। जिससे किसानों में अफरा-तफरी का माहौल बना है। आंसू गैस के गोले छोड़ने के बाद किसानों में भगदड़ का माहौल है। पूरा इलाका सफेद चादर में लिपट चुका है। किसानों का अंबाला राजमार्ग पर पंजाब-हरियाणा शंभू सीमा की ओर दिल्ली कूच जारी है। सड़कों पर किसानों का बड़ा हुजूम धीरे-धीरे उमड़ रहा है।

शंभू बॉर्डर पर हजारों किसान और फोर्स आमने-सामने, पुलिस पर पथराव
शंभू बॉर्डर पर किसानों का प्रदर्शन जारी है। इस दौरान किसान और पुलिस जवान आमने-सामने हो गए हैं। पुलिस पर पथराव किया गया है। जिसके बाद पुलिस ने कई बार आंसू गैस के गोले छोड़े है। आंसू गैस के गोलों के कारण किसान एक बार पीछे हटे, लेकिन धुंआ कम होते से किसान तुंरत सामने आ गए और फिर से आगे की ओर बढ़ने लगे। बता दें कि मौके पर अभी हजारों किसान, फतेहगढ़ साहिब से पांच हजार से अधिक ट्रैक्टर अभी रास्ते में हैं।

पंजाब-दिल्ली जाने वाली फ्लाइटों की कीमतों में बढ़ोतरी
गौरतलब है कि आज पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसान संगठन अपनी मांगों को लेकर दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं। एक बार फिर किसान वर्ष 2021 के प्रदर्शन की तरह अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतर चुके हैं। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए राज्यों की सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

साथ ही किसानों का प्रदर्शन का असर हवाई टिकटों पर भी पड़ रहा है। किसान आंदोलन के चलते पंजाब से दिल्ली जाने वाली फ्लाइटों की कीमत तीस हजार तक पहुंच चुकी है। कल तक यह कीमत 3 से 3500 रुपये तक थी।