Delhi Government Minister ED Raid : दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री राजकुमार आनंद के घर इनफोर्समेंट डॉयरेक्टरेट (ED) की रेड लगभग 23 घंटे तक चली। वीरवार सुबह सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर मंत्री राजकुमार आनंद के सिविल लाइंस स्थित आवास पर ईडी के अधिकारी पहुंचे थे। राजकुमार आनंद ने बताया कि ईडी के अधिकारी वीरवार सुबह 5:40 बजे मेरे घर पहुंच गए थे। यह हमें तंग करने के लिए आए थे। पूरे घर की तलाशी ली। जिसमें उन्हें कुछ नहीं मिला। यह लोग ऐसा कहते रहे कि ऊपर से आदेश है।
ईडी ने वीरवार दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री और आप नेता राजकुमार आनंद के घर छापा। ईडी ने करीब 23 घंटे तक आनंद से पूछताछ की। जांच एजेंसी शुक्रवार सुबह 4:40 बजे के करीब आनंद के सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास से बाहर निकली। ईडी ने राजकुमार आंनद के घर के अलावा एक दर्जन ठिकानों पर भी छापेमारी की। ईडी के जाने के बाद मंत्री राजकुमार आनंद ने कहा कि ईडी जिस केस की बात कर रही है, वह बीस साल पुराना है। यह लोग आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहते हैं। यह चाहते हैं कि काम की राजनीति न हो।

देश में सच बोलना और गरीबों के लिए राजनीति करना पाप
ईडी की पूछताछ के बाद मंत्री राजकुमार आनंद ने कहा कि छापेमारी लोगों को परेशान करने का एक बहाना है। उन्हें (ईडी) तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिला। उन्हें ऊपर से आदेश मिला है। मुझे लगता है कि इस देश में सच बोलना और गरीबों के लिए राजनीति करना पाप है। राजकुमार आनंद ने बताया कि इस देश में सच बोलना, दलितों की राजनीति करना, काम की राजनीति करना गुनाह बन गया है।

राजकुमार आनंद ने कहा कि ईडी जो कस्टम का मामला बता रही है, वह बीस साल पुराना है। उसमें सुप्रीम कोर्ट तक का फ़ैसला आ चुका है। यह लोग आम आदमी पार्टी को ख़त्म करना चाहते हैं। यह चाहते हैं कि काम की राजनीति न हो, इसलिए ऐसे परेशान किया जा रहा है। सच की आवाज उठाने वाला कोई ना बचे। संविधान पर चलने वाली पार्टियां ना बचे, ताकि कुछ पार्टियां अपनी मनमानी करती रहे।

वर्ष 2020 में पहली बार पटेल नगर सीट से विधायक बने थे राजकुमार आनंद
आप के राजकुमार आनंद वर्ष 2020 में पहली बार पटेल नगर सीट से विधायक बने थे। इससे पहले उनकी पत्नी वीना आनंद भी इसी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुकी हैं। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम की जगह राजकुमार आनंद कैबिनेट में शामिल हुए थे। आनंद के खिलाफ फिलहाल मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर जांच हो रही है। मगर आम आदमी पार्टी में पहले से ही एक अन्य शराब नीति केस में कई नेता फंसे हुए हैं।

शराब नीति केस में ईडी ने वीरवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया था। जिसका जवाब अरविंद केजरीवाल ने ईडी को भेजा है। केजरीवाल का कहना है कि यह नोटिस गैर-कानूनी और राजनीति से प्रेरित है। नोटिस भाजपा के कहने पर भेजा गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह चार राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए न जा सकें। ईडी को यह नोटिस वापस लेना चाहिए। बता दें कि ईडी ने 30 अक्तूबर को सीएम केजरीवाल को समन भेजा था।
आप के यह तीन बड़े नेता पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
फिलहाल आम आदमी पार्टी के तीन बड़े नेता दो अलग मामलों में जेल में हैं। जिनमें सत्येंद्र जैन (आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में) तिहाड़ जेल में बंद हैं। मनीष सिसोदिया (शराब नीति घोटाले में) सीबीआई की कस्टडी में हैं। संजय सिंह (शराब नीति घोटाले में) ईडी की कस्टडी में हैं।

बता दें कि दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को ईडी ने 31 मई 2022 को गिरफ्तार किया था। आरोप था कि जैन ने कथित तौर पर दिल्ली में कई शेल कंपनियां बनाई या खरीदी थीं। उन्होंने कोलकाता के तीन हवाला ऑपरेटर्स से 54 शेल कंपनियों के जरिए 16.39 करोड़ रुपये का काला धन भी ट्रांसफर किया। यह गिरफ्तारी 24 अगस्त 2017 को सीबीआई की तरफ से दर्ज एफआईआर को आधार बनाकर की गई थी। उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया। सत्येंद्र जैन को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते 18 अक्तूबर को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत 6 नवंबर तक बढ़ा दी है।
वहीं दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को ईडी ने 10 मार्च को गिरफ्तार किया था। इसके पहले 26 फरवरी 2023 को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। दोनों ही एजेंसियों ने दिल्ली शराब घोटाले के मामले में सिसोदिया को आरोपी बनाया है। सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को भ्रष्टाचार निरोधी कानून और ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत आरोपी बनाया है। आबकारी नीति केस की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में 4 अक्तूबर 2023 को गिरफ्तार किया गया था। ईडी ने जनवरी 2023 में अपनी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम जोड़ा था। दरअसल, शराब नीति घोटाले में आरोपी से सरकारी गवाह बने दिनेश अरोड़ा ने कहा है कि उसके रेस्तरां में संजय सिंह और दिल्ली के बार-रेस्तरां मालिकों के बीच बैठक हुई थी।

आप सांसद राघव चड्ढा का खुलासा, सातों लोकसभा सीटों पर हार रही भाजपा
आप सांसद राघव चड्ढा का कहना है कि भाजपा को मालूम है कि वह दिल्ली में सभी सातों लोकसभा सीटों पर चुनाव हार रही है, इसलिए सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार करने की योजना बनाई जा रही है। जिससे आम आदमी पार्टी चुनाव नहीं लड़ सके। उनका कहना है कि अरविंद केजरीवाल के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया जाएगा।
उसके बाद बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी का नंबर भी है। सांसद चड्ढा का कहना है कि इन नेताओं के बाद भाजपा केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और फिर महाराष्ट्र की शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार करवाएगी।