कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी विदेश के दौरे पर रवाना हो चुके है। वहीं कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा के एक साल पूरे होने वाले हैं, जिसको लेकर तैयारियां जोरो-शोरो पर चल रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी यूरोप की करीब एक सप्ताह की यात्रा के लिए मंगलवार को रवाना हो चुके है।
सूत्रों के मुताबिक इस दौरान राहुल गांधी यूरोपीय संघ (ईयू) के वकीलों, छात्रों और भारतीय प्रवासियों के साथ मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि गांधी सात सितंबर को ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के वकीलों के एक समूह से मिलेंगे और हेग में भी इसी तरह की बैठक करेंगे।
11 सितंबर तक लौट आने की जताई जा रही संभावना
बता दें कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष 8 सितंबर को पेरिस के एक विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित करेंगे और 9 सितंबर को पेरिस में फ्रांस के श्रमिक संगठन की बैठक का आयोजन किया जाएगा। जिसके बाद वह नॉर्वे जाएंगे और 10 सितंबर को ओस्लो में प्रवासी भारतीयों के एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के जी-20 शिखर सम्मेलन खत्म होने के एक दिन बाद 11 सितंबर तक लौट आने की संभावना बताई जा रही है। जी-20 शिखर सम्मेलन 9-10 सितंबर को दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
पहले भी 10 दिनों के लिए गए थे अमेरिकी दौरे पर
विदेश दौरे पर सितंबर माह में जाने से पहले राहुल गांधी 10 दिनों के अमेरिकी दौरे पर गए थे। जिस दौरान उन्होंने वॉशिंगटन, न्यूयॉर्क और सैन फ्रांसिस्को में प्रवासी भारतीयों, छात्रों समेत कई अलग-अलग ग्रुप्स के साथ बातचीत की थी। वहीं कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को एक साल पूरे होने वाले हैं। इस मौके पर पार्टी एक भव्य आयोजन करने की तैयारी कर रही है। जिसमें राहुल गांधी शामिल नहीं होंगे। पिछले साल 7 सितंबर के दिन इस यात्रा की शुरूआत राहुल गांधी ने की थी।
30 जनवरी को कश्मीर में खत्म हुई थी यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरी थी। जिसने कन्याकुमारी से शुरू होकर लगभग 4 हजार किलोमीटर का सफर तय किया था और 30 जनवरी को कश्मीर में खत्म हुई थी। कांग्रेस पार्टी इस यात्रा की पहली वर्षगांठ मनाने की जोर शोर से तैयारियां कर रही है। पार्टी की सभी वरिष्ठ नेताओं को वर्षगांठ कार्यक्रम में पहुंचने के लिए कहा जा रहा है।