महिला की गला घोंटकर हत्या मामले में पति-सास को भेजा जेल

कुरुक्षेत्र

इस्माईलाबाद के गांव थड़ोली में महिला की गला घोंटकर हत्या करने के मामले में पुलिस द्वारा पति और सास को गिरफ्तार कर को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक रमनदीप कौर के पति हाकम सिंह उर्फ कालू ने उसके पांव पकड़े और सास तेजो देवी ने छाती पर बैठकर दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया।

मृतक महिला की मौत के बाद परिजनों की शिकायत पर पहले पुलिस ने पति और सास के खिलाफ 306 और 34 के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन अब हत्या का खुलासा पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार महिला के गले की हड्डी टूटी हुई थी और चार जगह चोटें लगी हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया।

मृतका के गले पर थे रस्सी के निशान

Whatsapp Channel Join

मृतक महिला के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी बेटी रमनदीप की शादी साल 2012 में हाकम सिंह उर्फ कालू निवासी थड़ोली के साथ हुई थी। जिसका 9 साल का बेटा जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सू है। बेटी की मौत की जानकारी भी नाती जसप्रीत ने हमें रविवार को दी थी। जब हम मौके पर पहुंचे तो बेटी के गले पर रस्सी के निशान थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया था।

मां-बेटा मिलकर करते थे तंग, पति शराब पीकर था पीटता

सोमनाथ ने बताया कि उसकी बेटी की सास तेजो देवी और पति कालू तंग करते थे। उसका दामाद शराब पीकर उसकी बेटी के साथ मारपीट करता था। इस संबंध में कई बार पंचायतें भी हुई, मगर आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इस बारे में उसने पुलिस को शिकायत भी दी थी, मगर आरोपी ने माफी मांग ली थी।

आरोपियों ने कबूला गुनाह
थाना इस्माईलाबाद प्रबंधक निरीक्षक जगबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी हाकम सिंह व तेजो देवी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया। आरोपियों ने भी हत्या की वारदात को कबूल किया है।