हरियाणा के पानीपत जिला न्यायालय परिसर में मंगलवार को महज 75 मिनट के भीतर तीन अलग-अलग झगड़े हो गए। एक युवक पर बर्फ तोड़ने वाले सुएं से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। एक अन्य मामले में कुर्सियां बरसाई गईं, जबकि तीसरे झगड़े में दो दोस्त पेशी के दौरान भिड़ गए। तीनों मामलों में सिटी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सुबह 10:15 बजे चौथे फ्लोर पर एक कोर्ट के बाहर वेटिंग एरिया में दो आरोपी भिड़ गए। दोनों के खिलाफ साल 2022 में समालखा थाने में मादक पदार्थ का मामला दर्ज हुआ था। पेशी के दौरान किसी बात को लेकर दोनों में गाली-गलौज शुरू हो गई, जो धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने फौरन हस्तक्षेप कर दोनों को काबू में किया और पुलिस को सौंप दिया।
दूसरा बड़ा झगड़ा कोर्ट परिसर के छोटे गेट पर हुआ, जहां खटीक बस्ती के रहने वाले सरफराज को हाली कॉलोनी के फरमान ने अपने साथियों संग घेर लिया। उन्होंने सरफराज पर अचानक हमला बोल दिया और बर्फ तोड़ने वाले सुएं से वार कर दिया। एक सुआ उसकी छाती में लगा, जबकि दो-तीन बार बाजू पर वार किए गए। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।
तीसरा मामला दोपहर 11:30 बजे हुआ, जब फिरोज नाम का व्यक्ति अपने केस के सिलसिले में कोर्ट आया था। चाय पीकर लौटते समय गांव डाडौला के रहने वाले अमित ने उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद मोहित नामक युवक ने वहां रखी कुर्सियां उठाकर फिरोज पर बरसानी शुरू कर दी। एक कुर्सी उसके सिर पर लगी, जिससे वह घायल हो गया। हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।







