राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटूश्याम बाबा मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर साल लाखों भक्त देश-विदेश से यहां अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं और श्रद्धा अनुसार बाबा के चरणों में दान-दक्षिणा अर्पित करते हैं। हाल ही में हरियाणा के हांसी जिले के एक भक्त ने ऐसा अद्भुत दान दिया है, जिसे सुनकर हर कोई चकित रह गया।
सवा किलो सोने का मुकुट चढ़ाया
हांसी के इस श्रद्धालु ने खाटूश्याम बाबा के चरणों में 24 कैरेट गोल्ड का सवा किलो वजनी मुकुट चढ़ाया है, जिसकी कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। दिलचस्प बात यह है कि यह भक्त परिवार खाटूश्याम बाबा में गहरी आस्था रखता है और वर्षों से यहां अपनी श्रद्धा अर्पित करता आ रहा है। हालांकि, व्यापारी भक्त ने अपना नाम उजागर करने से मना कर दिया, क्योंकि वे इसे दिखावे से दूर केवल अपनी भक्ति का प्रतीक मानते हैं।
हांसी को कहा जाता है खाटूश्याम की दूसरी नगरी
हांसी में खाटूश्याम बाबा की विशेष मान्यता है, यहां के श्रद्धालु बड़ी संख्या में हर साल बाबा के दर्शन के लिए फाल्गुन मेले के दौरान निशान यात्रा लेकर रींगस पहुंचते हैं। यही कारण है कि हांसी को “खाटूश्याम की दूसरी नगरी” भी कहा जाता है।
महाभारत काल से जुड़ा है खाटूश्याम बाबा का इतिहास
खाटूश्याम बाबा का संबंध महाभारत काल से बताया जाता है। कथा के अनुसार, भीम के पुत्र बर्बरीक के पास तीन ऐसे तीर थे, जो पूरे युद्ध की दिशा बदल सकते थे। वे कौरवों की ओर से युद्ध में शामिल होने वाले थे। तभी भगवान श्रीकृष्ण ने ब्राह्मण रूप में उनसे भेंट की और उनका शीश दान में मांग लिया। तभी से उन्हें श्याम बाबा के रूप में पूजा जाने लगा।
श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत उदाहरण
हांसी के इस भक्त द्वारा किया गया यह दान न केवल उनकी आस्था को दर्शाता है बल्कि यह भी साबित करता है कि खाटूश्याम बाबा में लोगों की अटूट श्रद्धा और विश्वास है। श्रद्धालुओं की यह भक्ति बाबा के प्रति उनकी अनन्य प्रेम और समर्पण की भावना को प्रकट करती है।







