हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में शहरी स्थानीय निकायों के नव निर्वाचित महापौरों, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के अध्यक्षों व सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता और नशा मुक्ति अभियान को प्राथमिकता देने और मिशन मोड में कार्य करने का संकल्प दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की जनता ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन को चुना है, और अब यह जिम्मेदारी नव निर्वाचित प्रतिनिधियों की है कि वे शहरों को स्वच्छ, सुरक्षित, नशा मुक्त और आत्मनिर्भर बनाएं। उन्होंने सभी को भरोसा दिलाया कि हरियाणा सरकार शहरों के विकास के लिए हर संभव सहयोग देगी।
शहरों की समृद्धि के प्रहरी बनें जनप्रतिनिधि
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर किसी भी राज्य की आर्थिक और सामाजिक समृद्धि के प्रतीक होते हैं। जब बाहरी लोग किसी राज्य में आते हैं तो वे वहां के विकास कार्यों को देखकर उसकी समृद्धि का आकलन करते हैं। उन्होंने सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को हरियाणा के विकास का प्रहरी बनने और सरकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
स्वच्छता और नशा मुक्ति पर दिया खास जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया था और यह गर्व की बात है कि इस निकाय चुनाव में बेटियों की भागीदारी टारगेट से ज्यादा रही। उन्होंने स्वच्छता अभियान को और गति देने की अपील की और कहा कि हर जनप्रतिनिधि यह संकल्प ले कि उनका नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद स्वच्छता में नंबर वन बने।
नशा मुक्ति को लेकर उन्होंने मानस पोर्टल का जिक्र किया और कहा कि इस पर नशे के अवैध कारोबार की जानकारी साझा की जा सकती है, जिसकी निगरानी स्वयं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह करते हैं। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि अगर उनके क्षेत्र में कहीं भी नशा बिकता है, तो उसकी सूचना इस पोर्टल पर दें, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
‘छोटी सरकार’ के प्रतिनिधियों से भेदभाव रहित विकास की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ने उन्हें प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है, ठीक उसी तरह लोगों ने आपको अपने वार्ड की सेवा के लिए चुना है। इसलिए यह जरूरी है कि विकास कार्यों को बिना किसी भेदभाव के धरातल पर उतारा जाए।







