● अप्रेंटिसशिप के लिए जा रहे युवकों की बस हादसे का शिकार
● पुलिस ने जांच शुरू की, घायलों का इलाज जारी
Kharkhoda Bus Accidentहरियाणा के खरखौदा में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक तेज रफ्तार बस लोडिंग ट्रक से टकरा गई। हादसा सैदपुर-जटौला रोड पर अजित इंडस्ट्री के पास हुआ। इस बस में सवार युवक आईटीआई करने के बाद अप्रेंटिसशिप के लिए आईएमटी खरखौदा स्थित मारुति के निर्माणाधीन प्लांट में जा रहे थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और करीब 25 युवक घायल हो गए। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को खरखौदा के निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवकों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह 4:50 बजे हुआ। जब बस सैदपुर-जटोला रोड पर स्टेट बैंक के पास पहुंची, तो ड्राइवर ने आगे चल रहे लोडिंग ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे ट्रक से टकरा गई। टक्कर से बस में सवार कई युवकों को गंभीर चोटें आईं।
घायलों का इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। 10 घायलों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। अन्य घायलों को निजी अस्पतालों में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
घायलों की पहचान
घायलों में शामिल कुछ नाम इस प्रकार हैं:
- अक्षय (20) – हिसार
- रुष्ट कुमार (20) – करनाल
- अमीर (22) – करनाल
- अशोक (25) – बिहार
- शिवम गुप्ता (26) – प्रयागराज
- विकास कुमार (21) – यूपी
- रजत सैनी (19) – मुलाना
- प्रिंस (21) – अजमेर
- महेश सैनी (21) – शिखर
- लाभ सिंह (24) – कैथल
- पिंटू (24) – करनाल
लापरवाही बनी हादसे की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा ओवरटेकिंग के दौरान चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ। बस चालक ने सड़क पर सावधानी नहीं बरती और गलत तरीके से ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और बस चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

