सोनीपत में नशे के खिलाफ हाफ मैराथन CM सैनी ने भी लगाई दौड़ 3

सुरक्षा चाक-चौबंद! हिसार में अमित शाह की अगवानी, 2 किमी तक धारा 163 लागू

हरियाणा

● केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 31 मार्च को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में 32 बेड के नए ICU का उद्घाटन करेंगे
● 20 फीट ऊंची, 800 किलोग्राम वजनी महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण करेंगे
● सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल के 2 किमी के दायरे में धारा 163 लागू, पुलिस की पांच कंपनियां तैनात

Amit Shah in Hisar:केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 31 मार्च को हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज परिसर में एक महत्वपूर्ण दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह 32 बेड के अत्याधुनिक आईसीयू का उद्घाटन करेंगे और महाराजा अग्रसेन की 20 फीट ऊंची, 800 किलोग्राम वजनी प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके अलावा, वह पीजी स्टूडेंट्स के लिए बनने वाले नए छात्रावास भवन की आधारशिला भी रखेंगे

Whatsapp Channel Join

शाह का कार्यक्रम और सुरक्षा इंतजाम

अमित शाह का हेलिकॉप्टर मेडिकल कॉलेज परिसर में बने हेलिपैड पर उतरेगा। वे दोपहर 12 बजे पहुंचेंगे और करीब 1.30 घंटे तक अग्रोहा में रहकर 1.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके इस दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं

पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की पांच कंपनियां तैनात रहेंगी, जिनमें से दो कंपनियां अन्य जिलों से बुलाई गई हैं। इसके अलावा, कार्यक्रम स्थल के 2 किलोमीटर के दायरे में धारा 163 लागू कर दी गई है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। रविवार को सुरक्षा रिहर्सल किया गया

विशिष्ट अतिथि भी रहेंगे मौजूद

इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा भी मौजूद रहेंगे। हिसार की विधायक सावित्री जिंदल गृहमंत्री अमित शाह का स्वागत करेंगी, जबकि कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल समापन भाषण देंगे

मेडिकल कॉलेज को मिलेगी यह सौगात

मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. राजीव चौहान के अनुसार, कॉलेज में पहले केवल 8 बेड का आईसीयू था, जिसे बढ़ाकर 32 बेड का आधुनिक ICU बना दिया गया है। नए ICU भवन में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा

अधिकारियों ने किया मुआयना

इस हाई-प्रोफाइल दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्धा और पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने खुद कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिला प्रशासन के अधिकारी रविवार को रिहर्सल भी कर रहे हैं