पंंचकूला के पंचकमल से चलेगी हरियाणा भाजपा की राजनीति

भाजपा प्रदेश कार्यालय आज होगा शिफ़्ट

हरियाणा की बड़ी खबर

● भारतीय जनता पार्टी 6 अप्रैल को अपना स्थापना दिवस मना रही है
● भाजपा के प्रदेश कार्यालय का स्थानांतरण, पंचकमल पंचकूला में होगा
● हरियाणा में 6 से 14 अप्रैल तक भाजपा स्थापना दिवस के कार्यक्रम, 20,629 बूथों पर होंगे आयोजन


भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) आज, 6 अप्रैल को अपना स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर पार्टी का प्रदेश कार्यालय भी रोहतक से पंचकूला स्थित ‘पंचकमल’ कार्यालय में स्थानांतरित हो जाएगा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने इस बारे में जानकारी दी और कहा कि 6 अप्रैल को ‘पंच कमल’ कार्यालय भाजपा का नया मुख्यालय बनेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली सहित कई बड़े नेता पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ इस खास मौके पर उपस्थित रहेंगे।

सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि भाजपा के प्रदेश कार्यालय की शुरुआत पहले चंडीगढ़ से हुई थी, फिर डॉ. मंगल सेन के निधन के बाद यह कार्यालय रोहतक में शिफ्ट हुआ था। अब संगठन ने पंचकूला स्थित पंचकमल कार्यालय को प्रदेश कार्यालय के रूप में बदलने का निर्णय लिया है। 6 अप्रैल से भाजपा की प्रदेश स्तरीय प्रशासनिक गतिविधियां पंचकमल कार्यालय से चलेंगी।

Whatsapp Channel Join

भा.ज.पा. के स्थापना दिवस को लेकर पार्टी ने हरियाणा में धूमधाम से कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। इस दिन से लेकर 14 अप्रैल तक पार्टी द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी ने यह तय किया है कि हरियाणा के 20,629 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां कार्यकर्ताओं के घरों पर पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। इसके अलावा, सभी बूथों पर सक्रिय सदस्य सम्मेलन भी होंगे, जिनमें कार्यकर्ता पार्टी के लिए अपने योगदान पर चर्चा करेंगे और पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित होंगे।