विश्व पृथ्वी दिवस पर हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड की विशेष पहल: फरीदाबाद की स्प्रिंग वैली और मांगर बनी को जैव विविधता विरासत स्थल घोषित करने की दिशा में सर्वेक्षण, इको-पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

हरियाणा फरीदाबाद

फरीदाबाद: विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने हेतु हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड (HSBB) ने फरीदाबाद जिले के दो अहम प्राकृतिक स्थलों ग्राम पंचायत कोट स्थित स्प्रिंग वैली और ग्राम मांगर की मांगर बनी का गहन सर्वेक्षण किया। यह कदम इन स्थलों को जैव विविधता विरासत स्थल घोषित करने की संभावनाओं के मूल्यांकन के तहत उठाया गया है।

निरीक्षण दल का नेतृत्व करते हुए बोर्ड के सदस्य सचिव अतुल श्रियास्कर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन स्थलों को जैव विविधता पार्क के रूप में विकसित किया जा सकता है, जिससे क्षेत्र का संरक्षण सुनिश्चित हो सकेगा और साथ ही इको-टूरिज्म, पर्यावरण शिक्षा और अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि, स्प्रिंग वैली और मांगर बनी जैसी जैव विविधता न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण हमारी आने वाली पीढ़ियों को एक समृद्ध और संतुलित पर्यावरण सौंपेगा।

निरीक्षण के दौरान टीम ने इन स्थलों की पारिस्थितिकी, वनस्पति, जल स्रोतों और जीव-जंतुओं की विविधता का बारीकी से अध्ययन किया। इस मौके पर टीम ने प्राचीन आनंद झरना मंदिर का भी दौरा किया और स्थानीय निवासियों से संवाद कर जैव विविधता संरक्षण में सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर बल दिया।

Whatsapp Channel Join

ग्राम पंचायत कोट और मांगर के प्रतिनिधियों के साथ-साथ स्थानीय पर्यावरण प्रेमियों ने इस पहल में उत्साहपूर्वक भाग लिया और क्षेत्रीय जैव विविधता को संरक्षित रखने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अभियान में जैव विविधता प्रबंधन समिति और जिला प्रशासन फरीदाबाद की सक्रिय भूमिका रही, जो स्थानीय ग्राम सरपंचों की सहभागिता से सफल हो सकी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अरावली क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण एवं संवर्धन करना है।

अन्य खबरें