अर्थव्यवस्था

भारत बना वैश्विक अर्थव्यवस्था की उम्मीद की किरण, IMF ने जताया भरोसा: 2025 में 6.2% और 2026 में 6.3% की विकास दर का अनुमान

देश

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की हालिया वर्ल्ड इकॉनोमिक आउटलुक (WEO) रिपोर्ट के मुताबिक, भारत आने वाले वर्षों में वैश्विक आर्थिक मंच पर एक बार फिर से सबसे तेज़ गति से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। अप्रैल 2025 में जारी WEO के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था 2025 में 6.2 प्रतिशत और 2026 में 6.3 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ेगी। यह अनुमान भारत की आर्थिक मजबूती और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच उसके लचीलेपन को दर्शाता है।

IMF ने भले ही जनवरी 2025 की तुलना में अप्रैल में 2025 के लिए भारत की वृद्धि का अनुमान थोड़ा घटाया हो, लेकिन इसके पीछे वैश्विक व्यापार तनाव, टैरिफ में वृद्धि और नीति संबंधी अनिश्चितता जैसे कारक हैं। इसके बावजूद भारत की स्थिति अन्य वैश्विक शक्तियों की तुलना में कहीं अधिक मज़बूत बनी हुई है।

IMF की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि वैश्विक स्तर पर आर्थिक वृद्धि दर 2025 में मात्र 2.8% और 2026 में 3.0% रहने की उम्मीद है। वहीं, चीन की विकास दर घटकर 4.0% और अमेरिका की केवल 1.8% रहने का अनुमान है। इन आंकड़ों के मुकाबले भारत का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली माना जा रहा है।

Whatsapp Channel Join

भारत की यह स्थिर और सुदृढ़ आर्थिक प्रगति ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती निजी खपत, इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार, सरकार की रणनीतिक पहलों और वित्तीय समावेशन जैसे कारकों पर आधारित है। IMF ने भारत के लचीलेपन को स्वीकारते हुए कहा कि जटिल वैश्विक हालातों के बावजूद भारत की विकास यात्रा सतत बनी रहेगी।

WEO की इस रिपोर्ट से स्पष्ट है कि भारत न केवल एशिया बल्कि पूरी दुनिया में आर्थिक विकास का इंजन बनने की दिशा में अग्रसर है। यह रिपोर्ट IMF की वर्ष में दो बार प्रकाशित होने वाली मुख्य दस्तावेज़ों में से एक है, जो न केवल वैश्विक रुझानों को दर्शाती है, बल्कि नीति निर्माताओं के लिए भी मार्गदर्शक का कार्य करती है।

अन्य खबरें