बस पोल से टकराई, 16 यात्री घायल, कांच तोड़कर बाहर निकाले गए यात्री
हादसे की आवाज से गांव में मची हलचल, मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस
हरियाणा के कैथल जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की मौत और 16 यात्री घायल हो गए। हादसा शिमला गांव के पास नेशनल हाईवे-165 पर रात करीब 8:30 बजे हुआ। बालाजी ट्रैवल्स की एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस, जो कैथल से नरवाना जा रही थी, शिमला से बाणा गांव की ओर जाने वाले लिंक रोड पर क्रॉसिंग करते वक्त एक बाइक से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक और एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर हाईटेंशन पावर पोल से जा टकराई, जिससे बस में बैठे दो अन्य यात्रियों की भी जान चली गई। हादसे के दौरान 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें कैथल पीजीआई में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि पास के शिमला गांव में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों और राहगीरों ने शीशे तोड़कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और तत्काल प्रशासन व एंबुलेंस को सूचना दी।
ट्रैफिक पुलिस एसएचओ राजकुमार राणा ने बताया कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है, और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

